सोनभद्र/एबीएन न्यूज। जनपद के बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला सेवायोजन कार्यालय, सोनभद्र द्वारा 13 फरवरी 2026 को प्रातः 10:00 बजे से रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। यह रोजगार मेला जिला सेवायोजन कार्यालय, खुशबू बाग (जिला सरकारी अस्पताल के सामने), लोढ़ी, रॉबर्ट्सगंज, सोनभद्र, उत्तर प्रदेश के परिसर में आयोजित होगा।
जिला सेवायोजन अधिकारी ने बताया कि इस रोजगार मेले में निजी क्षेत्र की लगभग 12 प्रतिष्ठित कंपनियां प्रतिभाग करेंगी और विभिन्न पदों पर योग्य अभ्यर्थियों का चयन करेंगी। प्रतिभाग करने वाली प्रमुख कंपनियों में एआईएम मल्टीस्कील्स जॉब्स प्रा. लि., नोएडा; डीसेट्स, फरीदाबाद; मीडलैंड माइक्रोफीन, रॉबर्ट्सगंज; एमॉस स्किल ग्रुप, गुड़गांव; वज्र इंडस्ट्रीज, रॉबर्ट्सगंज; कैस्पर माइक्रो क्रेडिट, रॉबर्ट्सगंज; फ्लिपकार्ट, रॉबर्ट्सगंज; सोलेरा इंडस्ट्रीज प्रा. लि., मधुपुर; क्रेडिट एक्सेस ग्रामीण लि., रॉबर्ट्सगंज; स्वाभिमान माइक्रो फाइनेंस, मधुपुर; श्रीराम फाइनेंस, रॉबर्ट्सगंज सहित अन्य कंपनियां शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त उत्तर प्रदेश परिवहन निगम, सोनभद्र डिपो द्वारा संविदा के आधार पर चालक एवं महिला परिचालक पदों पर भी भर्ती की जाएगी। विभिन्न कंपनियों द्वारा सेल्स, मार्केटिंग, फील्ड ऑफिसर, माइक्रोफाइनेंस, तकनीकी एवं अन्य पदों के लिए चयन प्रक्रिया संपन्न की जाएगी।
जिला सेवायोजन अधिकारी ने स्पष्ट किया कि यह रोजगार मेला पूर्णतः निःशुल्क है। अभ्यर्थियों से किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा तथा यात्रा व्यय भी देय नहीं होगा। इच्छुक एवं योग्य अभ्यर्थियों से अपील की गई है कि वे अपने शैक्षिक प्रमाणपत्रों, बायोडाटा एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों के साथ निर्धारित तिथि एवं समय पर उपस्थित होकर इस अवसर का लाभ उठाएं। प्रशासन का उद्देश्य अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना तथा निजी क्षेत्र की कंपनियों के माध्यम से स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन को बढ़ावा देना है।
![]()











