दुद्धी/सोनभद्र/एबीएन न्यूज। दुद्धी बार एसोसिएशन के आगामी चुनाव को लेकर अधिवक्ताओं के बीच राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। मंगलवार को चुनाव अधिकारी के समक्ष विभिन्न पदों के लिए नामांकन पत्रों की बिक्री की गई, जिसमें कुल सात नामांकन पत्र बिके। अध्यक्ष पद के लिए अधिवक्ता कुलभूषण पांडे ने अपना नामांकन पत्र दाखिल कर चुनावी प्रक्रिया की औपचारिक शुरुआत कर दी है।
चुनाव अधिकारी प्रेमचंद जायसवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि मंगलवार को कुल सात नामांकन पत्रों की बिक्री हुई। इनमें अध्यक्ष पद के लिए एक, उपाध्यक्ष पद (दस वर्ष से अधिक अनुभव) के लिए दो, सचिव पद के लिए एक, वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद के लिए एक तथा उपाध्यक्ष (दस वर्ष से कम अनुभव) पद के लिए दो नामांकन पत्र खरीदे गए। अब तक केवल अध्यक्ष पद के लिए एक नामांकन दाखिल किया गया है, जबकि अन्य पदों के लिए खरीदे गए पर्चों के दाखिले की प्रक्रिया आगामी तिथियों में पूरी होने की संभावना है।
नामांकन प्रक्रिया के दौरान बार एसोसिएशन परिसर में अधिवक्ताओं की खासी भीड़ देखने को मिली। संभावित प्रत्याशियों और उनके समर्थकों के बीच चर्चा और रणनीति बनाने का दौर चलता रहा। बार परिसर में चुनावी माहौल स्पष्ट रूप से नजर आया, जहां संभावित उम्मीदवारों के नामों को लेकर कयास लगाए जाते रहे।
इस अवसर पर चुनाव अधिकारी प्रेमचंद जायसवाल के साथ सहचुनाव अधिकारी बिहारी लाल गुप्ता, देवी शरण अग्रहरी एवं कृष्ण कुमार भी मौजूद रहे। चुनाव अधिकारियों ने पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने का भरोसा दिलाया।
हालांकि, नामांकन पत्रों की बिक्री और नामांकन दाखिल होने के बावजूद अब तक मतदाता सूची प्रकाशित न किए जाने को लेकर अधिवक्ताओं में असंतोष दिखाई दिया। कई अधिवक्ताओं ने मतदाता सूची समय से जारी किए जाने की मांग की। उनका कहना है कि पारदर्शिता सुनिश्चित करने तथा किसी भी प्रकार की भ्रम की स्थिति से बचने के लिए वोटर लिस्ट का प्रकाशन आवश्यक है। साथ ही मतदाता सूची जारी होने से प्रत्याशियों को अपनी चुनावी रणनीति तय करने में भी सहूलियत मिलेगी।
बार एसोसिएशन चुनाव को लेकर बढ़ती गतिविधियां संकेत दे रही हैं कि आने वाले दिनों में मुकाबला और अधिक रोचक होने वाला है। नामांकन प्रक्रिया के आगे बढ़ने के साथ चुनावी सरगर्मी और तेज होने की संभावना है। फिलहाल सभी की निगाहें मतदाता सूची के प्रकाशन और अन्य पदों के नामांकन दाखिले पर टिकी हुई हैं।
![]()












