लखनऊ/एबीएन न्यूज। कोलकाता में आयोजित 54वीं अखिल भारतीय रेलवे जिम्नास्टिक चैम्पियनशिप में भारतीय रेलवे के विभिन्न जोनों के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में भारतीय रेलवे के कुल 10 जोनों के प्रतिभागियों ने भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न स्पर्धाओं में कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली।
उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के श्री मंगेश कुमार, सीसीटीसी/प्रयाग ने इस चैम्पियनशिप में उत्कृष्ट खेल कौशल का परिचय देते हुए एक स्वर्ण पदक एवं एक रजत पदक अपने नाम किया। देशभर से आए प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के बीच उन्होंने संतुलन, तकनीक और आत्मविश्वास के साथ प्रदर्शन कर निर्णायकों और दर्शकों को प्रभावित किया। उनकी इस उपलब्धि से न केवल लखनऊ मंडल, बल्कि संपूर्ण उत्तर रेलवे का गौरव बढ़ा है।
मंडल रेल प्रबंधक, उत्तर रेलवे लखनऊ, श्री सुनील कुमार वर्मा ने श्री मंगेश कुमार को इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर हार्दिक बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि उत्तर रेलवे अपने कर्मचारियों को खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों में भागीदारी के लिए निरंतर प्रोत्साहित करता है, जिसके सकारात्मक परिणाम समय-समय पर सामने आते रहे हैं।
इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री कुलदीप तिवारी एवं वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी सुश्री अरिमा भटनागर भी उपस्थित रहीं और उन्होंने भी खिलाड़ी को शुभकामनाएं दीं।
उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने और उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करने हेतु प्रतिबद्ध है। श्री मंगेश कुमार की सफलता मंडल के अन्य खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।
![]()












