लखनऊ/एबीएन न्यूज। भारतीय रेल परिवहन प्रबंधन संस्थान (IRITM) में 12 फरवरी 2026 को भारतीय रेल प्रबंधन सेवा (IRMS) के वर्ष 2023 एवं 2024 बैच के रेलवे फाउंडेशन कोर्स का ‘इंडिया डे’ एवं समापन समारोह भव्य रूप से आयोजित किया गया। इस अवसर पर 104 सप्ताह की समग्र प्रशिक्षण अवधि में से 10 सप्ताह का फाउंडेशन प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण करने वाले प्रशिक्षु अधिकारियों को सम्मानित किया गया।
फाउंडेशन कोर्स के अंतर्गत प्रशिक्षु अधिकारियों को भारतीय रेल के विविध विभागों एवं कार्यप्रणालियों का व्यापक और समन्वित प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में कमर्शियल, ऑपरेटिंग, मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल, अकाउंट्स, पर्सनल, सिग्नल एवं टेलीकॉम, राजभाषा, मेडिकल सहित विभिन्न विशेष फंक्शनल डोमेन पर विस्तृत सत्र आयोजित किए गए। इसके अतिरिक्त फील्ड प्रशिक्षण के माध्यम से अधिकारियों को रेलवे के संगठित ढांचे, विभागीय समन्वय तथा कार्यान्वयन प्रक्रियाओं की व्यवहारिक जानकारी भी दी गई।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में कुल 112 प्रशिक्षु अधिकारियों ने भाग लिया, जिनमें IRMS (ट्रैफिक) के 79, IRMS (अकाउंट्स) के 29 तथा भारतीय रेलवे सुरक्षा बल सेवा के 4 अधिकारी शामिल रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ सभागार में आयोजित रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से हुआ, जिसमें भारत की विविधता, एकता और सांस्कृतिक समृद्धि की मनमोहक झलक देखने को मिली।

समारोह के दौरान प्रशिक्षु अधिकारियों को सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों, खेलकूद प्रतियोगिताओं एवं शैक्षणिक उत्कृष्टता के लिए विशेष रूप से सराहा गया तथा उन्हें मेडल प्रदान किए गए। सर्वांगीण उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सुश्री पूर्णिमा सुदेन को महानिदेशक मेडल से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महानिदेशक, IRITM, श्री रंजन प्रकाश ठाकुर ने प्रशिक्षु अधिकारियों की लगन, अनुशासन और समर्पण भावना की सराहना की तथा उन्हें भारतीय रेल के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर अपर महानिदेशक श्री संजय त्रिपाठी, संस्थान के संकाय सदस्य एवं अन्य विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे। सभी ने प्रशिक्षु अधिकारियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं प्रदान कीं।
![]()











