सोनभद्र/एबीएन न्यूज। जिलाधिकारी श्री बीएन सिंह ने शुक्रवार को विकास भवन परिसर स्थित विभिन्न अनुभागों तथा पंचायत रिसोर्स सेंटर, लोढ़ी का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालयों में साफ-सफाई, अभिलेखों के रख-रखाव और संसाधनों की स्थिति का गहन जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने जिला कार्यक्रम अधिकारी कार्यालय तथा डीसी एनआरएलएम विभाग का निरीक्षण करते हुए वहां की स्वच्छता व्यवस्था और पत्रावलियों के रख-रखाव की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि अभिलेखों को सुव्यवस्थित ढंग से सुरक्षित रखा जाए, जिससे कार्य निष्पादन में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।

निरीक्षण के दौरान कार्यालय में रखी गई सामग्रियों का भी अवलोकन किया गया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जो सामग्री संबंधित विभाग की है, उसे तत्काल सुपुर्द किया जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि प्रयोग में न आने वाली सामग्री को व्यवस्थित तरीके से सुरक्षित रखा जाए तथा कार्यालय परिसर में स्वच्छता बनाए रखना सुनिश्चित किया जाए।
इसके उपरांत जिलाधिकारी ने विकास भवन के समीप स्थित पंचायत रिसोर्स सेंटर का निरीक्षण किया। उन्होंने जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देशित किया कि सेंटर में बेहतर प्रबंधन सुनिश्चित किया जाए। परिसर के आसपास उगी झाड़ियों की कटाई कर साफ-सफाई की व्यवस्था सुदृढ़ की जाए।

उन्होंने सेंटर में लगी टाइल्स के बीच-बीच में टूटे हिस्सों की मरम्मत कराने के भी निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि पंचायत रिसोर्स सेंटर में समय-समय पर विभिन्न विभागों द्वारा प्रशिक्षण कार्यक्रम, जनकल्याणकारी आयोजन एवं प्रदर्शनी लगाई जाती हैं, इसलिए भवन की स्वच्छता और रख-रखाव पर विशेष ध्यान दिया जाना आवश्यक है।
निरीक्षण के दौरान जिला विकास अधिकारी श्री हेमंत कुमार सिंह, डीसी मनरेगा श्री रवीन्द्र वीर सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी नमिता शरण, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी विद्या देवी, डीसी एनआरएलएम सरिता सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
![]()











