लखनऊ/एबीएन न्यूज। महाप्रबंधक, उत्तर रेलवे श्री अशोक कुमार वर्मा ने शुक्रवार को लखनऊ रेलवे स्टेशन के द्वितीय प्रवेश द्वार पर निर्माणाधीन स्टेशन भवन का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परियोजना की प्रगति, निर्माण गुणवत्ता, सुरक्षा मानकों तथा कार्य की समयबद्धता की गहन समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूर्ण किया जाए। उन्होंने कार्यदायी संस्था और संबंधित अधिकारियों से कहा कि यात्री सुविधाओं से जुड़े प्रत्येक पहलू पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि भविष्य में यात्रियों को आधुनिक और सुव्यवस्थित स्टेशन का लाभ मिल सके।

लखनऊ स्टेशन पुनर्विकास परियोजना के अंतर्गत स्टेशन को आधुनिक वास्तुशिल्प, उन्नत आधारभूत संरचना और विश्वस्तरीय सुविधाओं से सुसज्जित किया जा रहा है। ₹420.7 करोड़ की स्वीकृत लागत से संचालित इस महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत स्टेशन भवन का निर्माण कार्य तेजी से प्रगति पर है। परियोजना की संभावित पूर्णता तिथि 30 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है।
महाप्रबंधक श्री वर्मा ने यह भी निर्देशित किया कि निर्माण कार्य चरणबद्ध एवं सुव्यवस्थित ढंग से संचालित हो, जिससे वर्तमान में स्टेशन पर आने-जाने वाले यात्रियों को न्यूनतम असुविधा हो। उन्होंने विभागीय अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय बनाकर परियोजना की गति बनाए रखने पर बल दिया।

उन्होंने कहा कि पुनर्विकास कार्य पूर्ण होने के बाद लखनऊ रेलवे स्टेशन यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त यात्रा अनुभव प्रदान करेगा, जो रेलवे के आधुनिकीकरण अभियान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगा।
निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक लखनऊ श्री सुनील कुमार वर्मा, मंडल रेल प्रबंधक मुरादाबाद श्रीमती विनीता श्रीवास्तव, चीफ प्रोजेक्ट मैनेजर लखनऊ (आरएलडीए) श्री पावस यादव सहित लखनऊ मंडल के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
![]()












