सोनभद्र/एबीएन न्यूज। नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) मुख्यालय में गुरुवार को राष्ट्रीय उत्पादकता दिवस 2026 उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कंपनी के निदेशक (मानव संसाधन) श्री मनीष कुमार ने ध्वजारोहण कर किया। इस अवसर पर निदेशक (वित्त) श्री रजनीश नारायण, निदेशक (तकनीकी/संचालन) श्री आशुतोष द्विवेदी, मुख्यालय के विभागाध्यक्ष, वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान महाप्रबंधक (आईईडी) श्री मनोज कुमार सिंह ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्रीय उत्पादकता दिवस की शपथ दिलाई। शपथ में कार्यस्थल पर सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उत्पादन एवं उत्पादकता में निरंतर वृद्धि, उपलब्ध संसाधनों का संतुलित एवं समुचित उपयोग, सुदृढ़ कार्य संस्कृति की स्थापना तथा राष्ट्र की समृद्धि और समाज के जीवन स्तर को उन्नत बनाने में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया गया।
अधिकारियों ने अपने संबोधन में कहा कि उत्पादकता केवल उत्पादन बढ़ाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह गुणवत्ता, सुरक्षा, दक्षता और नवाचार से भी जुड़ी हुई है। उन्होंने कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे टीम भावना के साथ कार्य करते हुए संगठन की प्रगति में योगदान दें और सहकर्मियों को भी बेहतर कार्य प्रदर्शन के लिए प्रेरित करें।
इस वर्ष राष्ट्रीय उत्पादकता दिवस “क्लस्टर विकास इंजन के रूप में: एमएसएमई उत्पादकता को अधिकतम बनाना” विषय पर मनाया जा रहा है। इस थीम के माध्यम से लघु, सूक्ष्म एवं मध्यम उद्यमों की उत्पादकता बढ़ाकर आर्थिक विकास को गति देने पर विशेष बल दिया जा रहा है। कार्यक्रम का समापन संगठन की प्रगति एवं उत्कृष्ट कार्य संस्कृति को और सशक्त बनाने के संकल्प के साथ हुआ।
![]()












