दुद्धी/सोनभद्र/एबीएन न्यूज। आगामी महाशिवरात्रि पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार को कोतवाली महिला थाना परिसर में दोपहर 3 बजे शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पुलिस उपाधीक्षक (सीओ) राजेश कुमार राय ने की।
बैठक में उपस्थित गणमान्य नागरिकों, जनप्रतिनिधियों एवं व्यापारियों के साथ त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, आपसी भाईचारे को मजबूत करने तथा सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। सीओ राजेश कुमार राय ने कहा कि महाशिवरात्रि का पर्व आस्था और श्रद्धा का प्रतीक है, जिसे सभी लोग शांति एवं सद्भाव के साथ मनाएं।
उन्होंने जुलूस, शोभायात्रा एवं मंदिरों में होने वाले आयोजनों के दौरान विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। साथ ही डीजे एवं ध्वनि विस्तारक यंत्रों के प्रयोग में शासन द्वारा निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित करने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या नियमों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

सीओ ने बताया कि मंदिरों एवं जुलूस मार्गों पर पुलिस की चाक-चौबंद व्यवस्था रहेगी। महाशिवरात्रि, शिव विवाह एवं मेले के आयोजन के दौरान उत्पन्न होने वाली छोटी-छोटी समस्याओं पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है, ताकि किसी प्रकार की असुविधा या विवाद की स्थिति उत्पन्न न हो।
मुख्य मार्गों पर यातायात व्यवस्था को सुचारु रूप से संचालित करने के निर्देश भी दिए गए, जिससे दुर्घटनाओं की संभावना को रोका जा सके। बैठक में कोतवाल धर्मेंद्र सिंह, नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन, पूर्व अध्यक्ष राजकुमार अग्रहरि, डॉ. लवकुश प्रजापति, दिलीप पांडे, रविंद्र जायसवाल, कन्हैया अग्रहरि, पंकज जायसवाल, सुरेंद्र गुप्ता, आलोक अग्रहरि, दीपक शाह (मंडल अध्यक्ष), बालकृष्ण जायसवाल, प्रेम नारायण सिंह, नारायण सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। बैठक का समापन सभी की सहभागिता एवं सहयोग से महाशिवरात्रि पर्व को शांति, सौहार्द एवं सुरक्षा के साथ मनाने के संकल्प के साथ हुआ।
![]()












