दुद्धी/सोनभद्र/एबीएन न्यूज। समेकित शिक्षा कार्यक्रम के अंतर्गत 20 जनवरी को बीआरसी दुद्धी परिसर में परिषदीय विद्यालयों के कक्षा 1 से 8 तक अध्ययनरत विशिष्ट आवश्यकता वाले दिव्यांग बच्चों को सहायक उपकरणों का वितरण किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य दिव्यांग बच्चों को शैक्षिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी हेतु सक्षम बनाना तथा उन्हें आत्मनिर्भर जीवन की ओर अग्रसर करना रहा।
इस अवसर पर कुल लगभग 12 दिव्यांग बच्चों को ट्राई साइकिल एवं व्हीलचेयर प्रदान की गई। इसके अतिरिक्त 4 मूक-बधिर बच्चों को हियरिंग एड, 4 मानसिक दिव्यांग बच्चों को एमआर किट, 4 नेत्र दिव्यांग बच्चों को वीआई किट, 2 पूर्ण विकलांग बच्चों को सीपी चेयर, 9 चलने में असमर्थ बच्चों को रोलेटर तथा एक पूर्णतः नेत्रहीन बच्चे को स्मार्टमैन उपकरण वितरित किया गया।

कार्यक्रम में उपस्थित खंड शिक्षा अधिकारी प्रेम शंकर राम ने कहा कि दिव्यांगता किसी भी प्रकार से अभिशाप नहीं है। आधुनिक तकनीक और सहायक उपकरणों के माध्यम से दिव्यांग बच्चे भी सामान्य जीवन जी सकते हैं और शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को शिक्षा से वंचित न रखें और नियमित रूप से विद्यालय भेजें।

वरिष्ठ शिक्षक शैलेश मोहन ने अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि दिव्यांग बच्चों का मनोबल बढ़ाना अत्यंत आवश्यक है। सकारात्मक सहयोग और प्रोत्साहन से उनके आत्मविश्वास में वृद्धि होती है, जिससे वे जीवन की चुनौतियों का सामना बेहतर ढंग से कर पाते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि शासन द्वारा विभिन्न सरकारी सेवाओं में दिव्यांगजनों को विशेष आरक्षण की सुविधा प्रदान की जाती है, जिससे उनके भविष्य के अवसर और अधिक सशक्त होते हैं।
इस अवसर पर जिला समन्वयक अधिकारी (समेकित शिक्षा) प्रणति प्रभा सारंगी, एलिम्को टीम के विशेष अध्यापक जयप्रकाश, संदीप, दीपक चंद्र, ज्योति, अभिरुचि पाण्डेय, अखिलेश सिंह सहित अन्य शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन बच्चों एवं अभिभावकों के चेहरे पर मुस्कान और आत्मविश्वास के साथ हुआ।
![]()











