सोनभद्र/एबीएन न्यूज। जनपद में संचालित विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान के तहत मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन एवं दावे–आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी बी०एन० सिंह ने प्राथमिक विद्यालय सहिजन खुर्द एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय सहिजन कला का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों से अब तक की प्रगति, प्राप्त आवेदनों की संख्या तथा नोटिस के माध्यम से की जा रही सुनवाई की स्थिति की विस्तृत जानकारी ली।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि जिन नागरिकों की आयु 18 वर्ष पूर्ण हो चुकी है, उनके फार्म-6 अनिवार्य रूप से भरवाकर मतदाता सूची में नाम दर्ज कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नामांकन से वंचित न रहे। इसके लिए विशेष संपर्क अभियान चलाने तथा पात्र युवाओं को जागरूक करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर कोटेदारों एवं स्थानीय प्रतिनिधियों का भी सहयोग लिया जाए, ताकि अधिक से अधिक पात्र मतदाता सूची से जुड़ सकें।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी द्वारा जारी नोटिसों से संबंधित प्रकरणों की सुनवाई समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी दावे एवं आपत्तियों का निस्तारण निर्धारित समय सीमा के भीतर किया जाए, जिससे मतदाता सूची अद्यतन और त्रुटिरहित बन सके।

जिलाधिकारी ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए शत-प्रतिशत पात्र मतदाताओं का पंजीकरण अत्यंत आवश्यक है। विशेष पुनरीक्षण अभियान को गंभीरता, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ संचालित किया जाए, ताकि एक भी पात्र मतदाता सूची से बाहर न रहे। इस अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकुल आनन्द पाण्डेय, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह, विद्यालय के अध्यापकगण एवं संबंधित बूथ के बीएलओ उपस्थित रहे।
![]()











