सोनभद्र/एबीएन न्यूज। जनपद में संचालित विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के अंतर्गत जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी बी०एन० सिंह ने कंपोजिट विद्यालय मल्टीस्टोरी बिल्डिंग रॉबर्ट्सगंज स्थित मतदान केंद्र का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बूथ संख्या 49, 50 एवं 51 पर निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी द्वारा नोटिस के आधार पर की जा रही सुनवाई तथा नए मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में दर्ज करने की प्रक्रिया की समीक्षा की।
जिलाधिकारी ने बूथ लेवल अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जिन मतदाताओं को नो मैपिंग के अंतर्गत नोटिस जारी की गई है, उन्हें निर्धारित तिथि एवं स्थान पर उपस्थित होने के लिए प्रेरित किया जाए, ताकि सुनवाई की प्रक्रिया समयबद्ध रूप से पूरी की जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि अभियान की पारदर्शिता और समयसीमा का विशेष ध्यान रखा जाए।
इसके पश्चात उन्होंने आदर्श इंटरमीडिएट कॉलेज में स्थापित बूथ संख्या 14, 15, 16, 17, 18, 19 एवं 20 का भी निरीक्षण किया। यहां उन्होंने मतदाता सूची पुनरीक्षण से संबंधित अभिलेखों, नोटिस वितरण की स्थिति तथा सुनवाई की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि जिन युवाओं की आयु 18 वर्ष पूर्ण हो चुकी है और जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, वे फार्म-6 भरकर अपना नाम अनिवार्य रूप से दर्ज कराएं। उन्होंने कहा कि विशेष पुनरीक्षण अभियान के दौरान जारी नोटिसों की सुनवाई संबंधित बूथों पर निर्धारित तिथियों में की जा रही है, इसलिए संबंधित मतदाता अपने निर्धारित बूथ पर समय से उपस्थित होकर सहयोग प्रदान करें।
उन्होंने यह भी कहा कि जिन मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में अशुद्ध, डुप्लीकेट अथवा त्रुटिपूर्ण हैं, वे बूथ स्तर पर उपस्थित होकर आवश्यक प्रपत्रों के माध्यम से संशोधन अवश्य कराएं, ताकि कोई भी पात्र मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न रह जाए। उन्होंने कहा कि शत-प्रतिशत शुद्ध और अद्यतन मतदाता सूची लोकतंत्र की मजबूती के लिए अत्यंत आवश्यक है।
इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी हेमन्त कुमार सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकुल आनन्द पाण्डेय, सहायक निबंधक सहकारिता देवेन्द्र कुमार सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी नमिता शरण, तहसीलदार रॉबर्ट्सगंज अमित सिंह, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
![]()














