अनपरा/सोनभद्र/एबीएन न्यूज़। हिंडालको इंडस्ट्रीज लिमिटेड की रेनुसागर इकाई में आयोजित वैल्यूज मंथ कार्यक्रमों की श्रृंखला के अंतर्गत आदित्य बिड़ला इंटरमीडिएट कॉलेज, रेनुसागर के प्रांगण में कैनवास बाल क्रिकेट मैच का आयोजन किया गया। यूनिट हेड आर.पी. सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित इस मुकाबले में दिशिता महिला मंडल रेनुसागर की टीम ने एकतरफा प्रदर्शन करते हुए रेनुसागर रॉयल्स को 15 रन से पराजित कर ट्रॉफी अपने नाम कर ली।
मुख्य अतिथि यूनिट हेड आर.पी. सिंह, विशिष्ट अतिथि हेड संचालन मनीष जैन एवं हेड एचआर आशीष पांडेय ने टॉस कराकर मैच का शुभारंभ किया। टॉस जीतकर रेनुसागर रॉयल्स ने पहले फील्डिंग का निर्णय लिया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए दिशिता महिला मंडल रेनुसागर की टीम ने वरिष्ठ सदस्या इंदु सिंह के मार्गदर्शन और कप्तान विभा सिंह के नेतृत्व में शानदार प्रदर्शन किया। निर्धारित 10 ओवर में टीम ने 3 विकेट के नुकसान पर 84 रन बनाए। सुजाता पांडेय ने तीन चौकों की मदद से 19 रन, सुप्रिया ने चार चौकों के साथ 18 रन तथा निर्मल ने 12 रन का योगदान दिया। रेनुसागर रॉयल्स की ओर से सलोनी पाल, अलका और मीना साहू ने एक-एक विकेट लिया।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी रेनुसागर रॉयल्स की टीम ने कप्तान पूजा कुमारी के नेतृत्व में संघर्षपूर्ण खेल दिखाया। सलोनी पाल ने तीन छक्कों और चार चौकों की मदद से 36 रन की आकर्षक पारी खेली, जबकि अनन्या पांडेय ने दो चौकों की सहायता से 13 रन बनाए। हालांकि टीम निर्धारित 10 ओवर में 2 विकेट खोकर 69 रन ही बना सकी। दिशिता महिला मंडल की ओर से निर्मल और वैष्णवी कार्तिक ने एक-एक विकेट हासिल किया, जबकि ममता साहू ने उत्कृष्ट क्षेत्ररक्षण से टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।

इस अवसर पर हिंडालको रेनुसागर के वरिष्ठ अधिकारी दीपक पांडेय, नवींद्र पाठक, मनीष सिंह, ब्रजेश कुमार बर्मा सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में रोहित सक्सेना, अलिंद तिवारी, राजेश राय, सदानन्द पांडेय, देवेंद्र राय एवं ऋतम्बरा राजावत का सराहनीय योगदान रहा। मैच का आंखों देखा हाल सदानन्द पांडेय और अनुराग तोमर ने संयुक्त रूप से प्रस्तुत किया। अंत में रोहित सक्सेना ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
![]()












