बीना/सोनभद्र/एबीएन न्यूज़। बीना पुलिस चौकी क्षेत्र अंतर्गत रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) एवं सीआईबी की संयुक्त टीम ने कबाड़ी की दुकानों पर छापेमारी कर रेलवे का चोरी किया गया कॉपर तार बरामद करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई की सूचना मिलते ही क्षेत्र के कबाड़ियों में हड़कंप मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार को बीना एवं शक्तिनगर क्षेत्र में मुखबिर की सूचना पर आरपीएफ सिंगरौली एवं सीआईबी बरकाकाना की टीम ने अजय कबाड़ी की दुकान पर छापा मारा। गहन तलाशी के दौरान रेलवे का तांबे (कॉपर) का तार छोटे-छोटे टुकड़ों में कटा हुआ बरामद हुआ, जिसका कुल वजन लगभग 7 किलोग्राम बताया गया है। बरामद सामग्री को तत्काल कब्जे में ले लिया गया।
मामले में अंकित अग्रहरि पुत्र जीएल अग्रहरि निवासी जौनपुर (उत्तर प्रदेश) तथा प्रमोद गुप्ता पुत्र इंद्रासन गुप्ता निवासी खड़िया, शक्तिनगर को गिरफ्तार किया गया। दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें माननीय रेल न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किए जाने की प्रक्रिया जारी है।
छापेमारी टीम में निरीक्षक प्रभारी रूपेश कुमार, उप निरीक्षक मणिकांत कुमार, आरक्षी वीरभान सिंह सहित सीआईबी बरकाकाना के अधिकारी एवं जवान शामिल रहे।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अंबेडकर नगर से लेकर पीडी मोड़ खड़िया तक कबाड़ की दुकानें तेजी से खुल रही हैं, जहां कथित रूप से एनसीएल, एनटीपीसी एवं रेलवे का चोरी का सामान खरीदे जाने की शिकायतें मिलती रही हैं। पूर्व में भी पीडब्ल्यू मोड़ स्थित एक कबाड़ी की दुकान पर कार्रवाई हो चुकी है। क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि ताजा कार्रवाई से कबाड़ चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगेगा और क्षेत्र में कानून व्यवस्था और सुदृढ़ होगी। वहीं प्रशासन की आगामी सख्त कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।
![]()












