विण्ढमगंज/सोनभद्र/एबीएन न्यूज़। थाना क्षेत्र के जोरुखाड़ स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग 39 (एनएच-39) पर मंगलवार देर रात लगभग 3 बजे बालू से लदा एक टिपर अनियंत्रित होकर पलट गया। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और चालक व खलासी सुरक्षित बच गए, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
स्थानीय निवासी विश्वामित्र कुशवाहा के अनुसार देर रात अचानक तेज आवाज सुनाई दी। बाहर निकलकर देखने पर सड़क पर बालू से लदा टिपर पलटा हुआ मिला। वाहन संख्या यूपी64एटी4998 बताई जा रही है, जो कुडवा ग्राम पंचायत निवासी कमलेश यादव का बताया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, प्राथमिक रूप से चालक को नींद आने के कारण वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे पलट गया। हादसे में चालक और खलासी को गंभीर चोट नहीं आई। दुर्घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और स्थिति का जायजा लिया।
टिपर के पलटने से कुछ समय के लिए मार्ग पर आवागमन प्रभावित रहा, हालांकि बाद में स्थानीय सहयोग और संबंधित लोगों की पहल से मार्ग को सुचारु कर दिया गया।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि हाईवे पर विशेषकर रात्रि के समय भारी वाहनों की नियमित निगरानी और जांच बढ़ाई जाए, ताकि इस प्रकार की दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
![]()











