दूषित पानी से 35 लोगों की मौत के कारण चर्चा में रहे इंदौर के भागीरथपुरा में एक बच्चे की जन्मदिन पार्टी में आए मेहमान भी उल्टी-दस्त का शिकार हो गए, हालांकि इस बार बीमारी की वजह दूषित पानी नहीं, बल्कि दूषित भोजन था। पार्टी में शामिल हुए लोग जब दाल-बाफले खाकर अपने घरों पर पहुंचे तो उन्हें उल्टी-दस्त की शिकायत हुई। इसके बाद वे अलग-अलग क्लीनिकों में इलाज कराने गए, राहत की बात है कि कोई गंभीर बीमार नहीं हुआ और भर्ती कराने की नौबत नहीं आई।
भागीरथपुरा की शुक्ला गली में आकाश मुक्शिया के बेटे का जन्मदिन शनिवार को मनाया गया। उन्होंने अपने रिश्तेदारों और परिचितों को बुलाया था। मेन्यू में दाल-बाफले और अन्य व्यंजन थे। रविवार सुबह कुछ लोगों को उल्टी-दस्त की शिकायत हुई। मुक्शिया के अनुसार 30 से ज्यादा लोग बीमार हुए, हालांकि स्वास्थ्य विभाग ने इस मामले में दो केसों की पुष्टि की है। मामला भोजन से जुड़ा होने के कारण खाद्य विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और भोजन के सैंपल लिए। इसके अलावा नगर निगम ने भी पानी के सैंपल लिए हैं।
आकाश ने बताया कि घर पर ही खाना बनाया था और 40 से ज्यादा मेहमानों को बुलाया गया था। खाने में हमने बोरिंग का पानी उपयोग में लिया था। डॉक्टरों ने फूड पॉइजनिंग कहा है। आकाश ने कहा कि मेरी पत्नी, भाई और भाभी भी बीमार हैं। उन्हें भी हम सरकारी क्लीनिक में दिखाने ले गए थे।
उधर मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. माधव हसानी ने कहा कि रविवार को कुछ लोगों को पेट दर्द की शिकायत हुई, भागीरथपुरा की सरकारी डिस्पेंसरी में दो लोग इस शिकायत को लेकर आए थे। बाकी मरीजों के बारे में जानकारी नहीं है।












