बीना/सोनभद्र/एबीएन न्यूज। जनपद सोनभद्र के बीना पुलिस चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कोहरौलिया में गुरुवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। यहां प्राचीन शिव मंदिर के पास कोयला लदा एक तेज रफ्तार ट्रेलर अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि इस दुर्घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है और चालक को मामूली चोटें आई हैं।
जानकारी के अनुसार ट्रेलर शक्तिनगर से अनपरा की ओर कोयला लेकर जा रहा था। इसी दौरान कोहरौलिया गांव स्थित प्राचीन शिव मंदिर के पास चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिससे ट्रेलर सड़क किनारे पलट गया। हादसे के बाद आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए।
ग्रामीणों ने तुरंत राहत कार्य शुरू करते हुए ट्रेलर के आसपास यह जांच की कि कहीं कोई व्यक्ति दबा तो नहीं है। हालांकि मौके पर किसी अन्य के घायल या फंसे होने की पुष्टि नहीं हुई। सूचना मिलने पर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई और ग्रामीणों की मदद से चालक को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
पुलिस के अनुसार घायल चालक की पहचान कौआनाला अनपरा निवासी मल्ल उर्फ रामदास के रूप में हुई है। उसे उपचार के लिए बीना स्थित अटल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी स्थिति सामान्य होने पर उसे छुट्टी दे दी गई।

ट्रेलर के पलटने से सड़क पर कई टन कोयला बिखर गया, जिससे कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। वाहन स्वामी द्वारा कोयला हटाने की व्यवस्था किए जाने से पहले ही कई ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और कोयला लेने लगे। स्थिति को देखते हुए कोयले की सुरक्षा के लिए एक सुरक्षा गार्ड तैनात किया गया। बाद में बिखरे कोयले को दूसरे वाहन में लादकर गंतव्य के लिए रवाना किया गया।
स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि ट्रेलर चालक नशे की हालत में वाहन चला रहा था, जिसके कारण वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरा। हालांकि पुलिस मामले की जांच कर रही है। गनीमत रही कि हादसे के समय सड़क पर अधिक भीड़ नहीं थी, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। राहगीर बाल-बाल बच गए।
![]()












