लखनऊ/एबीएन न्यूज। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल ने एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए गाड़ी संख्या 20401/20402 वाराणसी–लखनऊ–वाराणसी सुपरफास्ट शटल एक्सप्रेस का ठहराव शिवपुर और जलालगंज रेलवे स्टेशनों पर शुरू कर दिया है। यह ठहराव 06 मार्च 2026 से प्रभावी कर दिया गया है। इस निर्णय से आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को वाराणसी और लखनऊ के बीच आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी तथा क्षेत्रीय रेल संपर्क भी और मजबूत होगा।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार गाड़ी संख्या 20401 वाराणसी–लखनऊ सुपरफास्ट शटल एक्सप्रेस का शिवपुर रेलवे स्टेशन पर आगमन समय सुबह 05:55 बजे तथा प्रस्थान समय 05:56 बजे निर्धारित किया गया है। वहीं लखनऊ से वाराणसी जाने वाली गाड़ी संख्या 20402 का शिवपुर स्टेशन पर आगमन 22:09 बजे और प्रस्थान 22:10 बजे होगा।

इसी प्रकार जलालगंज रेलवे स्टेशन पर गाड़ी संख्या 20401 वाराणसी–लखनऊ सुपरफास्ट शटल एक्सप्रेस का आगमन समय 06:26 बजे और प्रस्थान समय 06:27 बजे निर्धारित किया गया है। जबकि लखनऊ से वाराणसी जाने वाली गाड़ी संख्या 20402 का जलालगंज स्टेशन पर आगमन समय 21:23 बजे और प्रस्थान समय 21:24 बजे तय किया गया है।
शिवपुर रेलवे स्टेशन पर इस अवसर पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें उत्तर प्रदेश सरकार के स्टाम्प, न्यायालय शुल्क एवं पंजीयन विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविंद्र जायसवाल ने ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम में लखनऊ मंडल की ओर से अपर मंडल रेल प्रबंधक वाराणसी बृजेश कुमार यादव और वाराणसी कैंट के स्टेशन निदेशक अर्पित गुप्ता भी उपस्थित रहे।

वहीं जलालगंज रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में मछलीशहर की सांसद प्रिया सरोज और विधायक तूफानी सरोज ने ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस कार्यक्रम में लखनऊ मंडल की ओर से वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक एफएस गौरव दीक्षित, डीईएन-III तथा एएससी/बीएसबी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे और कार्यक्रम का समन्वय सुनिश्चित किया।
उत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल के अधिकारियों ने बताया कि यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और गुणवत्तापूर्ण रेल सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इस ट्रेन के शिवपुर और जलालगंज स्टेशनों पर ठहराव शुरू होने से न केवल स्थानीय यात्रियों और दैनिक यात्रियों को सुविधा मिलेगी, बल्कि क्षेत्रीय व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। साथ ही इससे क्षेत्र में रेल संपर्क और अधिक मजबूत होगा।
![]()











