सोनभद्र/एबीएन न्यूज। विंध्याचल मंडल मीरजापुर के मंडल आयुक्त एवं जनपद के नोडल अधिकारी राजेश प्रकाश ने कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में सीएम डैशबोर्ड पर दर्ज फ्लैगशिप कार्यक्रमों, विकास कार्यों तथा आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त जन शिकायतों के निस्तारण की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ योजनाओं की प्रगति, शिकायतों के निस्तारण और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा की गई।
समीक्षा के दौरान मंडल आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर पहुंचाया जाए। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की समीक्षा करते हुए उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही शिकायतों के निस्तारण के दौरान संबंधित शिकायतकर्ता से फीडबैक अवश्य लिया जाए, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि समस्या का वास्तविक समाधान हुआ है।
मंडल आयुक्त ने कहा कि शासन के निर्देशानुसार जनपद स्तर के सभी अधिकारी प्रतिदिन सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक अपने-अपने कार्यालयों में उपस्थित रहकर जनसुनवाई करें और इस दौरान प्राप्त होने वाली शिकायतों का समय से निस्तारण सुनिश्चित करें।
बैठक में जल जीवन मिशन, पीएम कुसुम योजना तथा मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना सहित अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं की भी बिंदुवार समीक्षा की गई। मंडल आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाई जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि सभी पात्र लाभार्थियों को समय से योजनाओं का लाभ मिल सके।

जल जीवन मिशन की समीक्षा के दौरान उन्होंने कहा कि जिन परियोजनाओं का कार्य अभी तक अधूरा है, उन्हें शीघ्र पूरा करने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
मंडल आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को गति प्रदान करते हुए जनहित से जुड़ी सभी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू किया जाए, ताकि आमजन को इनका प्रत्यक्ष लाभ मिल सके।
इस अवसर पर जिलाधिकारी बी.एन. सिंह, मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, संयुक्त विकास आयुक्त विंध्याचल मंडल मीरजापुर रमेश चन्द्र, जिला विकास अधिकारी हेमन्त कुमार सिंह, डीसी मनरेगा रवीन्द्र वीर सिंह, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सुधांशु शेखर शर्मा, तहसीलदार सदर अमित कुमार, सहायक पर्यटन अधिकारी राजेश भारती, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
![]()












