सोनभद्र/एबीएन न्यूज। विंध्याचल मंडल मीरजापुर के मंडल आयुक्त द्वारा आज विकास भवन प्रांगण में ‘सोन प्रेरणा कैफे’ का फीता काटकर शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी बी.एन. सिंह, मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, संयुक्त विकास आयुक्त विंध्याचल मंडल मीरजापुर रमेश चन्द्र सहित अन्य अधिकारी एवं स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के दौरान डीसी एनआरएलएम सरिता सिंह ने बताया कि सोन प्रेरणा कैफे का संचालन उजाला प्रेरणा महिला संगठन, सेमर (रॉबर्ट्सगंज) द्वारा किया जाएगा। यह कैफे राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के आर्थिक सहयोग से तैयार कराया गया है, जिसका उद्देश्य स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना और उनके उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराना है।

उन्होंने बताया कि लगभग 1700 वर्ग फुट क्षेत्रफल में बने इस कैफे में समूहों द्वारा तैयार किए गए विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट और पारंपरिक व्यंजन उपलब्ध होंगे। यहां आने वाले लोग मक्के की रोटी, सरसों का साग, सामा की रोटी, पौष्टिक बिस्किट तथा अन्य कई प्रकार के मिलेट्स आधारित खाद्य पदार्थों का स्वाद ले सकेंगे।

इसके अलावा कैफे में स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए गए उत्पाद भी बिक्री के लिए उपलब्ध रहेंगे। इनमें अचार, पापड़, चिप्स, बड़ी, मसाले, सिरका सहित अन्य घरेलू उत्पाद शामिल हैं। इससे समूहों की महिलाओं को अपने उत्पादों के लिए बेहतर बाजार मिलेगा और उनकी आय में भी वृद्धि होगी।
अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार की पहल से ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के साथ-साथ स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही लोगों को पौष्टिक और पारंपरिक खाद्य पदार्थ भी एक ही स्थान पर उपलब्ध हो सकेंगे।
![]()











