पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और ईरान युद्ध की आहट के बीच घरेलू एलपीजी गैस की आपूर्ति व्यवस्था को बनाए रखने के लिए तेल कंपनियों ने सख्त कदम उठाए हैं। अलीगढ़ जिले में गैस सिलिंडर की बुकिंग के नियमों में बड़ा बदलाव करते हुए समय सीमा बढ़ा दी गई है। नए नियमों के तहत अब उपभोक्ताओं को अगले सिलिंडर के लिए लंबा इंतजार करना होगा।
जिला एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स एसोसिएशन के अनुसार, बुकिंग के नियमों को तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। सिंगल सिलिंडर कनेक्शन के लिए अब 21 दिन से पहले दोबारा बुकिंग नहीं कराई जा सकेगी। जबकि डबल सिलिंडर कनेक्शन के लिए अब 25 दिन के अंतराल के बाद ही बुकिंग संभव होगी।
एसोसिएशन के अध्यक्ष केके तिवारी ने बताया कि पहले यह नियमन केवल 15 दिनों का था, जिसे अब बढ़ा दिया गया है। इस फैसले का सीधा असर जिले के लगभग 8.50 लाख उपभोक्ताओं पर पड़ेगा। नियमों में अचानक हुए इस बदलाव के कारण शुक्रवार को गैस एजेंसियों के बाहर लोगों की भारी भीड़ देखी गई। इस फैसले के पीछे प्रशासन और तेल कंपनियों की कोशिश है कि युद्ध जैसी स्थितियों में स्टॉक की कमी न हो और कालाबाजारी पर लगाम कसी जा सके।










