02:34 AM, 08-Mar-2026
तेहरान के तेल डिपो पर अमेरिका और इस्राइल का हमला, ईरानी मीडिया का दावा
ईरान की सरकारी मीडिया के अनुसार अमेरिका और इस्राइल ने शनिवार को तेहरान और करज के एक तेल भंडारण केंद्र पर हवाई हमला किया। स्थानीय समाचार एजेंसियों के अनुसार राजधानी के पश्चिम में स्थित करज समेत तीन इलाकों में ईंधन डिपो को निशाना बनाया गया। पहली बार ईरान के तेल भंडार से जुड़े बुनियादी ढांचे को सीधे निशाना बनाया गया। ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी आईआरएनए ने कहा कि दक्षिण तेहरान में स्थित एक तेल डिपो को अमेरिका और इस्राइल ने निशाना बनाया। रिपोर्ट के मुताबिक यह तेल डिपो एक बड़े रिफाइनरी क्षेत्र के पास स्थित है। हालांकि समाचार एजेंसी आईएलएनए ने बताया कि इस सैन्य हमले में रिफाइनरी की मुख्य सुविधाओं को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
02:25 AM, 08-Mar-2026
हिजबुल्ला का दावा, हाइफा नौसैनिक अड्डे पर दागी मिसाइलें
लेबनान के सशस्त्र संगठन हिजबुल्ला ने दावा किया है कि उसने इस्राइल के हाइफा शहर में स्थित नौसैनिक अड्डे को निशाना बनाकर मिसाइलों की बौछार की है। संगठन ने कहा कि यह हमला स्थानीय समयानुसार शाम करीब 8 बजे किया गया। हिजबुल्ला के बयान के अनुसार हमले में कई मिसाइलें दागी गईं, जिनका लक्ष्य इस्राइल की नौसैनिक सैन्य सुविधाएं थीं। हालांकि इस्राइल की ओर से इस हमले को लेकर तत्काल कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। पश्चिम एशिया में अमेरिका, इस्राइल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच इस हमले से क्षेत्र में हालात और संवेदनशील हो गए हैं। सुरक्षा एजेंसियां स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
02:23 AM, 08-Mar-2026
अमेरिका अपने लक्ष्य में नाकाम हो रहा है- ईरान राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद प्रमुख
ईरान की राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के महासचिव अली लारिजानी ने कहा है कि अमेरिका ईरान के खिलाफ अपने लक्ष्यों को हासिल करने में असफल हो रहा है। उन्होंने कहा कि अमेरिका को लगा था कि वह ईरान के खिलाफ एक छोटा युद्ध कर जल्दी नतीजा हासिल कर लेगा, लेकिन उसकी यह सोच गलत साबित हुई है। लारिजानी ने कहा कि अमेरिका को यह भी उम्मीद थी कि सर्वोच्च नेता अली खामेनेई और अन्य नेताओं की हत्या कर देश में अराजकता फैलाई जा सकती है, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि ईरान के लोग मौजूदा हालात में एकजुट हैं। लारिजानी ने यह भी दोहराया कि ईरान अपने पड़ोसी देशों पर हमला नहीं करेगा, जब तक उनकी जमीन का इस्तेमाल ईरान के खिलाफ नहीं किया जाता।
02:23 AM, 08-Mar-2026
सऊदी अरामको ने कुछ तेल आपूर्ति यनबू बंदरगाह की ओर मोड़ी
पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच सऊदी अरब की सरकारी तेल कंपनी सऊदी अरामको ने कुछ तेल शिपमेंट को रेड सी स्थित यनबू बंदरगाह की ओर मोड़ दिया है। सऊदी सरकारी चैनल अल इखबारिया टीवी ने शनिवार को यह जानकारी दी। रिपोर्ट के अनुसार यह फैसला तेल आपूर्ति की सुरक्षा और निरंतरता बनाए रखने के लिए लिया गया है। चैनल के मुताबिक सऊदी अरामको क्षेत्रीय हालात पर लगातार नजर रखे हुए है और स्थिति के अनुसार जरूरी फैसले ले रही है। अधिकारियों ने कहा कि हालात सामान्य होते ही तेल आपूर्ति को फिर से पहले की तरह संचालित किया जाएगा। पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण ऊर्जा आपूर्ति को लेकर वैश्विक स्तर पर भी चिंता बढ़ी हुई है।
02:09 AM, 08-Mar-2026
ईरान के विदेश मंत्री बोले- सऊदी से लगातार संपर्क में हूं
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा है कि वह अपने सऊदी अरब के समकक्ष और वहां के अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में हैं। उन्होंने बताया कि दोनों देशों के बीच मौजूदा क्षेत्रीय हालात को लेकर बातचीत जारी है। अराघची ने यह जानकारी अपने टेलीग्राम चैनल पर साझा किए गए एक साक्षात्कार में दिया। ईरान के विदेश मंत्री के अनुसार सऊदी अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि उनका देश अपनी जमीन, समुद्री क्षेत्र और हवाई क्षेत्र का इस्तेमाल ईरान के खिलाफ किसी भी सैन्य कार्रवाई के लिए नहीं होने देगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में बढ़ते तनाव के बीच यह संवाद बेहद महत्वपूर्ण है। अराकची ने कहा कि दोनों देश स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और लगातार संपर्क में बने हुए हैं।
02:08 AM, 08-Mar-2026
दुबई में हवाई हमले को रोकने के दौरान गिरे मलबे से एक की मौत
दुबई में हवाई हमले को रोकने के दौरान गिरे मलबे से एक पाकिस्तानी नागरिक की मौत हो गई। अधिकारियों के अनुसार यह घटना दुबई के अल बरशा इलाके में हुई, जहां इंटरसेप्ट की गई मिसाइल के टुकड़े एक वाहन पर गिर गए। उस समय व्यक्ति अपनी कार में था और मलबा गिरने से उसकी मौत हो गई। दुबई मीडिया कार्यालय ने बताया कि दुबई मरीना इलाके में भी इसी तरह की एक घटना हुई, जहां एयर डिफेंस द्वारा खतरे को रोके जाने के बाद मलबा एक टावर की बाहरी दीवार पर गिरा। हालांकि इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है। वहीं ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स ने दावा किया है कि उसने मरीना इलाके में स्थित एक अमेरिकी सैन्य ठिकाने को निशाना बनाया था।
02:03 AM, 08-Mar-2026
क्षेत्रीय तनाव के बीच एर्दोगन ने इराकी कुर्दिस्तान के राष्ट्रपति से की फोन पर बातचीत
पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच तुर्किये के राष्ट्रपति रेचेप तैयप एर्दोआन ने इराकी कुर्दिस्तान क्षेत्रीय सरकार के राष्ट्रपति नेचिरवान बरजानी से फोन पर बातचीत की। तुर्किये के राष्ट्रपति कार्यालय के अनुसार दोनों नेताओं ने मध्य पूर्व में तेजी से बदलते हालात और बढ़ते संघर्ष पर चर्चा की। एर्दोआन ने कहा कि मौजूदा संवेदनशील दौर में तुर्किये इराक के साथ खड़ा है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर हालात और बिगड़े तो पूरा क्षेत्र लंबे संकट में फंस सकता है। एर्दोगन ने यह भी कहा कि तुर्किये क्षेत्र में सक्रिय संगठनों और उनसे जुड़े समूहों की गतिविधियों पर नजर रख रहा है। उन्होंने बताया कि तुर्किये क्षेत्र में शांति बहाल करने और वार्ता की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है।
01:17 AM, 08-Mar-2026
दुबई में मरीना टावर पर गिरा मलबा
दुबई के मरीना इलाके में शनिवार शाम जोरदार धमाका होने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि ईरान की ओर से दागी गई मिसाइलों और ड्रोन को एयर डिफेंस सिस्टम ने बीच में ही रोक दिया, जिसके बाद गिरा मलबा एक टावर से टकरा गया। दुबई मीडिया ऑफिस ने पुष्टि की कि दुबई मरीना के एक टावर के बाहरी हिस्से को मलबे से हल्का नुकसान पहुंचा है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एक इमारत से धुआं उठता दिखाई दिया। अधिकारियों के अनुसार यह घटना एयर डिफेंस द्वारा खतरे को सफलतापूर्वक रोकने के बाद हुई। प्रशासन ने कहा कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और किसी के घायल होने की खबर नहीं है। इलाके में सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं और हालात पर नजर रखी जा रही है।
01:16 AM, 08-Mar-2026
ओमान के पास जहाज पर हमला, बिहार के कैप्टन आशीष कुमार की मौत की आशंका
ओमान तट के पास एक मालवाहक जहाज पर हुए हमले में बिहार के पश्चिम चंपारण के रहने वाले कैप्टन आशीष कुमार की मौत की आशंका जताई जा रही है। जानकारी के अनुसार 1 मार्च को हुए हमले के बाद जहाज में भीषण आग लग गई थी। बाद में जहाज के मलबे से दो जले हुए शव बरामद किए गए। पश्चिम चंपारण के जिलाधिकारी तारांजोत सिंह ने बताया कि जहाज के दो क्रू सदस्य लापता थे, जिनमें कैप्टन आशीष कुमार भी शामिल थे। एक शव कैप्टन के केबिन से मिला है। प्रशासन ने परिवार को जानकारी दे दी है और उन्हें धैर्य रखने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि डीएनए जांच रिपोर्ट आने के बाद ही शवों की आधिकारिक पहचान हो सकेगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
01:02 AM, 08-Mar-2026
West Asia Crisis LIVE: दुबई में ईरानी ड्रोन का हमला, PAK नागरिक की मौत; अराघची बोले- हम सऊदी के संपर्क में
पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष का असर भारत की विमान सेवाओं पर भी दिखने लगा है। शनिवार को दिल्ली और मुंबई हवाई अड्डों पर करीब 100 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द कर दी गईं। अधिकारियों के अनुसार मुंबई एयरपोर्ट पर 35 प्रस्थान और 36 आगमन उड़ानें रद्द हुईं, जबकि दिल्ली एयरपोर्ट पर 22 प्रस्थान और 17 आगमन उड़ानें रद्द की गईं। दिल्ली एयरपोर्ट ऑपरेटर ने बताया कि पश्चिम की ओर जाने वाली कुछ अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में देरी या समय में बदलाव हो सकता है। एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने कहा कि जेद्दा और मस्कट के लिए नियमित उड़ानें जारी रहेंगी। वहीं, इंडिगो ने बताया कि वह मध्य पूर्व और यूरोप के कुछ गंतव्यों के लिए उड़ानें जारी रखेगी। अमेरिका, इस्राइल और ईरान के बीच बढ़े तनाव के कारण कई देशों ने अपना एयरस्पेस बंद कर दिया है, जिससे उड़ान संचालन प्रभावित हुआ है।












