देहरादून के मशहूर मोटो-ब्लॉगर और ‘बिग बॉस-17’ फेम अनुराग डोभाल (UK07 Rider) ने शनिवार रात दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर जान देने की कोशिश की। अनुराग ने अपने इंस्टाग्राम पेज पर लाइव आकर इस खौफनाक कदम को अंजाम दिया। लाइव वीडियो के दौरान ही उन्होंने हवा हवाई रेस्टोरेंट के सामने अपनी कार की रफ्तार 150 किमी/घंटा तक बढ़ा दी और ‘यह मेरी अंतिम यात्रा है’ कहते हुए गाड़ी सीधे डिवाइडर में ठोक दी।
लाइव वीडियो में दिखा खौफनाक मंजर
हादसे से ठीक पहले अनुराग इंस्टाग्राम पर लाइव थे। वीडियो में वह काफी भावुक और मानसिक रूप से टूट चुके नजर आ रहे थे। उन्होंने कहा कि वह अब और सहन नहीं कर सकते। लाइव के दौरान ही उन्होंने अचानक कार की स्पीड बढ़ाई और देखते ही देखते गाड़ी अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। इस मंजर को हजारों लोग लाइव देख रहे थे, जिसके बाद सोशल मीडिया पर हड़कंप मच गया।
अस्पताल में भर्ती, हालत गंभीर
हादसे के तुरंत बाद मौके पर पहुंची पुलिस और राहगीरों ने अनुराग को लहूलुहान हालत में मेरठ के सुभारती अस्पताल में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद, उनके परिचित और परिजन उन्हें बेहतर इलाज के लिए दिल्ली ले गए हैं। डॉक्टरों के अनुसार, उनकी हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है।
पारिवारिक विवाद और ‘इंटरकास्ट मैरिज’ बनी वजह?
अनुराग पिछले कई दिनों से गहरे मानसिक तनाव और पारिवारिक समस्याओं से जूझ रहे थे। उन्होंने हाल ही में एक करीब 2 घंटे लंबा वीडियो भी साझा किया था, जिसमें उन्होंने अपनी स्थिति के लिए अपने माता-पिता और भाई ‘कलम’ को जिम्मेदार ठहराया था।
विवाद की मुख्य वजहें…
- इंटरकास्ट मैरिज का विरोध: अनुराग ने आरोप लगाया कि उनकी पत्नी रितिका चौहान के साथ उनकी ‘इंटरकास्ट मैरिज’ (अंतर्जातीय विवाह) को उनके परिवार ने कभी स्वीकार नहीं किया। शादी के छह दिन पहले उनके माता-पिता ने साथ छोड़ दिया था और उन्हें रिश्तेदारों के सामने पैर छूकर माफी मांगने पर मजबूर किया गया।
- पत्नी का साथ छोड़ना: अनुराग ने वीडियो में खुलासा किया कि उनकी पत्नी रितिका, जो प्रेग्नेंट हैं, वह भी उन्हें छोड़कर चली गई हैं। उन्होंने कहा कि उनके अपनों ने ही उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित किया।
- भाई पर आरोप: उन्होंने अपने भाई ‘कलम’ पर संपत्ति हड़पने और उन्हें सोशल मीडिया पर ‘एक्सपोज’ करने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं।
- अनुराग के आखिरी शब्द: मम्मी-पापा, कलम और श्रेया मेरी मौत के जिम्मेदार हैं। मैंने अपनी मां की खुशी के लिए अपना प्यार तक छोड़ दिया था, लेकिन मुझे सिर्फ टॉर्चर मिला। अब मैं और नहीं लड़ सकता।
पुलिस फिलहाल इस पूरे मामले की जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज के साथ-साथ अनुराग के बयानों और वीडियो की भी जांच की जा रही है।












