बीना / सोनभद्र / एबीएन न्यूज। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर खड़िया क्षेत्र में महिला श्रमिकों के सम्मान और जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। भारतीय कोयला खदान मजदूर संघ – बीना के तत्वावधान में आयोजित यह कार्यक्रम राजकिशन कॉलोनी (सीएचपी खड़िया के समीप) में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में खड़िया क्षेत्र में कार्यरत संविदा महिला श्रमिकों, राजकिशन कॉलोनी की महिलाओं तथा ग्रामीण बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम में संगठन के महामंत्री मनोज कुमार सिंह मुख्य रूप से उपस्थित रहे। अपने संबोधन में उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि समाज और राष्ट्र के निर्माण में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण और प्रेरणादायक रही है। उन्होंने महिला श्रमिकों के कठिन परिश्रम, समर्पण, साहस और त्याग की सराहना करते हुए कहा कि यदि महिला शिक्षित और जागरूक होगी तो पूरा परिवार और समाज प्रगति की ओर अग्रसर होगा।
उन्होंने कहा कि आज महिलाएं शिक्षा, श्रम, प्रशासन, उद्योग और सामाजिक क्षेत्रों सहित हर क्षेत्र में अपनी भागीदारी निभाते हुए राष्ट्र को नई दिशा देने का कार्य कर रही हैं। उन्होंने यह भी बताया कि भारत सरकार द्वारा लाए गए श्रम से जुड़े कोड बिल में भी महिलाओं के लिए कई सुविधाएं और सुरक्षा से संबंधित प्रावधान किए गए हैं, जिससे उनके अधिकारों और सम्मान की रक्षा सुनिश्चित की जा सके।

संगठन के सचिव अमित कुमार यादव ने भी महिला श्रमिकों के अधिकार, सम्मान और उनके उज्ज्वल भविष्य को लेकर संगठन की प्रतिबद्धता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि महिलाओं का सम्मान और उनकी सुरक्षा समाज की प्राथमिक जिम्मेदारी है। भारतीय मजदूर संघ प्रारंभ से ही महिलाओं को जागरूक करने और उन्हें सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयास करता आ रहा है।
कार्यक्रम के दौरान महिला श्रमिकों को उनके योगदान के लिए सम्मानित भी किया गया तथा उन्हें शिक्षा, स्वास्थ्य, अधिकार और सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करना और समाज में उनकी भूमिका को और अधिक सशक्त बनाना रहा।
इस अवसर पर संगठन के अध्यक्ष राजा विजय मिंज, उपाध्यक्ष राजकुमार मौर्य, उप सचिव पंकज कुमार, धर्मेंद्र कुमार, उपाध्यक्ष किशन यादव तथा आशीष मिश्रा सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने महिला सशक्तिकरण और श्रमिक हितों के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में संगठन के अध्यक्ष राजा विजय मिंज ने सभी उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने उत्साहपूर्वक “भारत माता की जय” और “बीएमएस अमर रहे” के नारों के साथ महिला सम्मान और एकजुटता का संदेश दिया।
![]()











