Last Updated:
हिंदी सिनेमा के इतिहास में कई ऐसी फिल्में आई हैं जो बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाईं, लेकिन उनके गाने दर्शकों के दिलों में बस गए. ऐसी फिल्मों के गाने इवेंट्स और अलग-अलग मौकों पर प्लेलिस्ट में छाए रहे, जबकि फिल्में खुद लोगों की यादों से गायब हो गईं. ये फिल्में कब आईं और गईं दर्शकों को याद तक नहीं रहा.
ऐसा ही कुछ 2021 की हॉरर-कॉमेडी ‘रूही’ के साथ हुआ. फिल्म में जाह्नवी कपूर और राजकुमार ने लीड रोल अदा किया था. इसे दर्शकों और क्रिटिक्स से मिला-जुला रिस्पांस मिला था. लेकिन ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर खास कमाल नहीं दिखा पाई. हालांकि इसके गाने इंटरनेट पर तेजी से लोकप्रिय हो गए. रिलीज के कुछ ही दिनों में फिल्म के कई गाने इंस्टाग्राम और यूट्यूब जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल होने लगे.

फिल्म का निर्देशन हार्दिक मेहता ने किया था और इसे दिनेश विजन ने मैडॉक फिल्म्स के बैनर तले प्रोड्यूस किया था. इसमें जाह्नवी कपूर, राजकुमार राव और वरुण शर्मा मुख्य भूमिकाओं में नजर आए. जाह्नवी ने इस हॉरर कॉमेडी में ‘रूही’ और ‘अफजा’ का डबल रोल निभाया. कोरोना के बाद रिलीज हुई इस फिल्म को आलोचकों और दर्शकों से खास सराहना नहीं मिली.

जाह्नवी कपूर और राजकुमार राव की फिल्म ‘रूही’ बॉक्स-ऑफिस पर फ्लॉप होने के बावजूद इसका एलबम सबसे बड़ा आकर्षण बन गया. सचिन-जिगर द्वारा तैयार किए गए इस एलबम के बोल अमिताभ भट्टाचार्य, आईपी सिंह और जिगर सरैया ने लिखे हैं. इसके सभी गाने सुपरहिट रहे थे.
Add News18 as
Preferred Source on Google

फिल्म में पांच गाने हैं: पनघट, किस्तों, नदियों पार (लेट द म्यूजिक प्ले अगेन), भूतनी और भौजी. इनमें से दो गाने – पनघट और नदियों पार – फैंस के बीच सबसे ज्यादा पसंद किए गए. नदियों पार पर ढेरों रील्स बनते थे. आज भी सोशल मीडिया पर ये गाना काफी पॉपुलर है.

यूट्यूब पर इन दोनों गानों की व्यूज उनकी लोकप्रियता को दर्शाती है. नदियों पार, जो 2004 के मशहूर पार्टी सॉन्ग “लेट द म्यूजिक प्ले” का रीमेक है, इस समय तक 34.7 करोड़ व्यूज पार कर चुका है. यह गाना, जिसमें जाह्नवी नजर आईं और जिसे शमूर, रश्मीत कौर, आईपी सिंह और सचिन-जिगर ने गाया, 3 मार्च 2021 को रिलीज हुआ था.

फिल्म की रिलीज की चौथी सालगिरह पर जाह्नवी ने याद किया कि उन्होंने नदियों पार के लिए अपनी दूसरी फिल्म ‘गुडलक जैरी’ की शूटिंग के बीच तीन दिन रिहर्सल की थी और बताया कि वह अपने पहले सोलो डांस नंबर के लिए काफी नर्वस थीं. उन्होंने इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा, ‘4 साल रूही के और मेरा पहला सोलो डांस नंबर. मैं तब बहुत बच्ची थी. इस गाने को लेकर बहुत नर्वस थी. मुझे तब तक यह भी नहीं आता था कि तेज लाइट्स में आंखें कैसे खुली रखनी है’.

उन्होंने आगे लिखा, ‘गुडलक जैरी की शूटिंग के बीच 3 दिन रिहर्सल की, पटियाला में पूरी रात GLJ की शूटिंग की, सुबह पैकअप के बाद फ्लाइट ली, उसी रात नदियों पार शूट किया, 7 घंटे में बिना नींद के गाना पूरा किया और उसी दिन वापस जाकर जैरी की शूटिंग फिर शुरू कर दी. 3 दिन बिना नींद के मैराथन, बस यही एक्साइटमेंट थी कि कैमरे के सामने आना है’.

साल 2021 में आई राजकुमार राव, जाह्नवी कपूर और वरुण शर्मा स्टारर हॉरर फिल्म बॉक्स-ऑफिस पर फ्लॉप थी. इसकी रेटिंग भी कुछ खास नहीं है, लेकिन इसके गाने से जुड़े किस्से काफी मजेदार हैं. करीब 20 करोड़ रुपए के बजट में बनी ‘रूही’ 11 मार्च 2021 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी और दुनियाभर में 31 करोड़ रुपए से ज्यादा की कमाई की. बॉक्स ऑफिस इंडिया के मुताबिक, इस हॉरर-कॉमेडी ने पहले दिन 2.73 करोड़ रुपए का बिजनेस किया था और बाद में इसकी कमाई धीरे-धीरे कम होती गई. इसे फ्लॉप घोषित किया गया. IMDb पर इसकी रेटिंग 4.3 है और यह फिल्म फिलहाल नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीमिंग के लिए उपलब्ध है.
![]()










