लखनऊ / एबीएन न्यूज। लखनऊ रेलवे स्टेशन पर रेलवे कर्मचारियों की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से एक यात्री की जान बच गई और एक बड़ी दुर्घटना टल गई। यह घटना सोमवार, 09 मार्च 2026 को स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 01 पर उस समय हुई जब एक यात्री ट्रेन में चढ़ते समय अचानक फिसलकर प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच ट्रैक पर गिर गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गाड़ी संख्या 15904 चंडीगढ़–डिब्रुगढ़ एक्सप्रेस में चढ़ते समय यात्री विक्रम सिंह, पुत्र बरसाती, निवासी जिला गोरखपुर का पैर अचानक फिसल गया। संतुलन बिगड़ने के कारण वह प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच से नीचे रेलवे ट्रैक पर गिर पड़े, जिससे मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
इस गंभीर स्थिति को देखते हुए ड्यूटी पर तैनात एसएसई/टीएक्सआर अनिल यादव ने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए मामले की सूचना डिप्टी स्टेशन अधीक्षक (कमर्शियल) और आउटडोर स्टेशन मास्टर ए.पी. सिंह को दी। सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), सरकारी रेलवे पुलिस (जीआरपी) तथा वाणिज्य विभाग के कर्मचारियों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर संयुक्त रूप से राहत और बचाव कार्य शुरू किया।
रेलवे कर्मचारियों ने बेहद सावधानी और समन्वय के साथ यात्री को ट्रेन के नीचे से सुरक्षित बाहर निकाला। उनकी तत्परता के कारण संभावित गंभीर दुर्घटना को टाल दिया गया। इसके बाद स्टेशन पर 24 घंटे उपलब्ध इमरजेंसी मेडिकल टीम को बुलाया गया, जिसने मौके पर ही घायल यात्री को प्राथमिक उपचार प्रदान किया। यात्री की स्थिति को देखते हुए आगे के इलाज के लिए उन्हें एम्बुलेंस के माध्यम से लखनऊ के बलरामपुर अस्पताल भेज दिया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
रेलवे प्रशासन ने इस घटना में शामिल सभी कर्मचारियों की सतर्कता, त्वरित कार्रवाई और मानवीय संवेदनशीलता की सराहना की है। अधिकारियों ने कहा कि कर्मचारियों की तत्परता के कारण एक यात्री की जान बचाई जा सकी, जो रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था और कर्मचारियों की जिम्मेदारी का उदाहरण है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से भी अपील की है कि वे ट्रेन में चढ़ते और उतरते समय पूरी सावधानी बरतें, जल्दबाजी से बचें और सुरक्षा नियमों का पालन करें, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके।
![]()











