अनपरा/सोनभद्र/एबीएन न्यूज: हिंडालको इंडस्ट्रीज लिमिटेड के रेनुपावर डिवीजन रेनुसागर में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिलाओं के सम्मान में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम यूनिट हेड आर.पी. सिंह के मार्गदर्शन में ग्रामीण विकास विभाग रेनुसागर द्वारा दिशिता महिला मंडल रेनुसागर के कार्यालय परिसर में आयोजित किया गया, जिसमें ग्रामीण क्षेत्र की बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि हेड एचआर आशीष पांडेय ने अपने संबोधन में कहा कि महिलाएं समाज की शक्ति और प्रगति की आधारशिला हैं। उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस केवल एक उत्सव नहीं बल्कि महिलाओं के अधिकार, सम्मान और समानता के प्रति समाज की प्रतिबद्धता का प्रतीक है। आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और क्षमता का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं और देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
आशीष पांडेय ने कहा कि किसी भी समाज की प्रगति का सही आकलन वहां की महिलाओं की स्थिति से किया जा सकता है। इसलिए महिलाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य, आत्मनिर्भरता और सुरक्षा पर विशेष ध्यान देना आवश्यक है। उन्होंने महिलाओं से आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने और अपने अधिकारों तथा कर्तव्यों के प्रति सजग रहने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि ईआर हेड मृदुल भारद्वाज ने हिन्डाल्को रेनुसागर सीएसआर द्वारा ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं के उत्थान, कौशल विकास और सामाजिक जागरूकता के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की पहल से महिलाओं को सशक्त बनने का अवसर मिलता है और समाज में उनकी भागीदारी और मजबूत होती है।
इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने महिलाओं के सामाजिक, आर्थिक और सांस्कृतिक योगदान की सराहना करते हुए कहा कि महिलाएं केवल परिवार ही नहीं बल्कि समाज और राष्ट्र के विकास की भी मजबूत आधारशिला हैं। उन्होंने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने, शिक्षा और कौशल विकास को अपनाने तथा समाज में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न जागरूकता गतिविधियां, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और संवाद सत्र भी आयोजित किए गए, जिनमें महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इसके साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम के अंत में ग्रामीण विकास विभाग के प्रभारी संजीव श्रीवास्तव ने सभी प्रतिभागियों और अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए इस प्रकार के कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाने की बात कही। कार्यक्रम का समापन अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर केक काटकर उत्साहपूर्वक किया गया। इसके बाद मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथि द्वारा ग्रामीण महिलाओं को स्मृति चिन्ह देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
![]()












