एलपीजी सिलिंडरों के संकट को लेकर मचे हाहाकार के बीच तेल कंपनियों ने दावा किया है कि उत्तर प्रदेश में पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति पर कोई संकट नहीं है। ऑयल मार्केटिंग कंपनियों के समूह (ओएमसी) ने कहा है कि राज्य में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की आपूर्ति सामान्य है और उपभोक्ताओं को घबराने या अतिरिक्त स्टॉक करने की जरूरत नहीं है।
स्टेट लेवल कोऑर्डिनेटर (एसएलसी) संजय भंडारी के अनुसार पश्चिम एशिया में जारी जंग के बावजूद प्रदेश में पेट्रोलियम पदार्थों की पर्याप्त उपलब्धता है। सप्लाई भी नियमित रूप से जारी है। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अनावश्यक घबराहट में अतिरिक्त खरीदारी या बुकिंग न करें। प्रदेश में लगभग 4.85 करोड़ घरेलू एलपीजी उपभोक्ता हैं। अकेले लखनऊ में ही करीब 15 लाख घरेलू एलपीजी उपभोक्ता हैं। घरेलू गैस उपभोक्ताओं की संख्या के लिहाज से लखनऊ, प्रयागराज, आगरा, गोरखपुर और गाजियाबाद शीर्ष पांच जिलों में शामिल हैं, जहां कुल मिलाकर लगभग 65 लाख उपभोक्ता हैं।
ये भी पढ़ें – कांशीराम जयंती पर मायावती का नया प्लान, 15 मार्च को दो लाख से अधिक समर्थकों के आने की संभावना
ये भी पढ़ें – ‘मानव संपदा पोर्टल’ पर 25 मार्च तक अपलोड करना होगा अवकाश संबंधी ब्योरा, निवेश की भी पारदर्शी व्यवस्था लागू
व्यावसायिक और औद्योगिक एलपीजी उपभोक्ताओं की संख्या अपेक्षाकृत कम है, लेकिन मांग स्थिर बनी हुई है। लखनऊ में लगभग 26 व्यावसायिक और औद्योगिक एलपीजी उपभोक्ता विभिन्न ऑयल कंपनियों से जुड़े हैं। वहीं नोएडा/ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद, आगरा, कानपुर और लखनऊ ऐसे प्रमुख शहर हैं, जहां व्यावसायिक और औद्योगिक एलपीजी की मांग सबसे अधिक है। मांग के आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में घरेलू एलपीजी की औसत दैनिक मांग लगभग 10 हजार मीट्रिक टन (टीएमटी) है, जबकि व्यावसायिक और औद्योगिक श्रेणी में यह करीब 0.5 हजार मीट्रिक टन प्रतिदिन है।
एलपीजी सिलिंडर के 4143 डिस्ट्रीब्यूटर
प्रदेश में एलपीजी सिलिंडर की आपूर्ति के लिए करीब 4143 डिस्ट्रीब्यूटर काम कर रहे हैं, जिनमें से 116 डिस्ट्रीब्यूटर लखनऊ में हैं। कंपनियों का दावा है कि सभी एजेंसियों को पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध कराया जा रहा है। सिलिंडर बुकिंग को लेकर कुछ उपभोक्ताओं द्वारा आईवीआरएस फोन लाइन व्यस्त होने की शिकायतों के बीच कंपनियों ने कहा है कि उपभोक्ता एसएमएस, मिस्ड कॉल और मोबाइल एप जैसे डिजिटल माध्यमों से भी सिलिंडर बुक कर सकते हैं। ऑयल कंपनियों ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे जरूरत होने पर ही सिलिंडर की बुकिंग करें और एक साथ कई बुकिंग करने से बचें।










