बभनी/सोनभद्र/एबीएन न्यूज। सोनभद्र जनपद के बभनी क्षेत्र में अवैध बालू खनन और ढुलाई के खिलाफ प्रशासन ने शुक्रवार को सख्त कार्रवाई की। तहसीलदार दुद्धी Anjani Kumar Gupta के नेतृत्व में राजस्व टीम ने क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर छापेमारी अभियान चलाया, जिसके दौरान अवैध बालू लदे एक ट्रैक्टर को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया।
छापेमारी के दौरान बभनी-चौना रोड पर अवैध रूप से डंप किए गए बालू को भी सीज कर लिया गया। प्रशासन ने सीज किए गए बालू को ग्राम प्रधान की अभिरक्षा में सौंप दिया है। अचानक हुई इस कार्रवाई से अवैध खनन और बालू ढुलाई में लगे लोगों के बीच हड़कंप मच गया।
तहसीलदार ने बताया कि झोझवा पहाड़ी के पास से बालू लादकर एक ट्रैक्टर बभनी की ओर जा रहा था, जिसे राजस्व टीम ने घेराबंदी कर पकड़ लिया। इस दौरान ट्रैक्टर चालक ने मौके से भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने उसे पकड़ लिया और ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया।
उन्होंने बताया कि बभनी-चौना मार्ग पर अवैध रूप से डंप किए गए बालू को भी प्रशासन द्वारा सीज कर दिया गया है। पकड़े गए ट्रैक्टर को पुलिस अभिरक्षा में सौंप दिया गया है और इस संबंध में खनन विभाग को भी आवश्यक कार्रवाई के लिए पत्र भेज दिया गया है। तहसीलदार अंजनी कुमार गुप्ता ने स्पष्ट कहा कि क्षेत्र में अवैध खनन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि कोई व्यक्ति अवैध रूप से बालू खनन या ढुलाई करते हुए पकड़ा जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
![]()












