सिंगरौली। देश के सबसे कठिन प्रतियोगी परीक्षाओं में से एक जेईई एडवांस्ड के नतीजे आज घोषित कर दिए गए हैं। जिसमें सिंगरौली जिले में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अशोक सिंह परिहार के 17 वर्षीय सुपुत्र यशोवर्धन सिंह ने जेईई एडवांस परीक्षा में 15 हजार रैंक लाकर आईआईटी के लिए अपनी सीट पक्की कर ली। इसी के साथ ही यशोवर्धन के सपने के उड़ान को पंख मिल गए हैं। बतौर एस्ट्रोनॉट अपना करियर बनाने का सपना देखने वाले यशोवर्धन सिंह ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा सतना के किस्तु कला से की थी। वहीं दसवीं की पढ़ाई उन्होंने भोपाल स्थित संस्कार वेली से की। जिसके बाद आगामी पढ़ाई के लिए वह कोटा चले गए थे। 12वीं पास करते ही उन्होंने अपने पहले ही प्रयास में जेईई एडवांस्ड परीक्षा को उतीर्ण कर अपने परिजनों समेत शिक्षकों का नाम रोशन कर दिया। आज रिजल्ट जारी होते ही निरीक्षक अशोक सिंह परिहार को परिजनों समेत पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा बधाई देने का सिलसिला जारी हो गया। यशोवर्धन ने अपनी इस उपलब्धि का ताज अपने माता-पिता को दिया, जिनके संस्कार और लगन के बदौलत उन्होंने यह मुकाम हासिल किया है।