सोनभद्र/एबीएन न्यूज। भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग के उपसचिव श्री निठाली राम ने आज चतरा विकासखंड का दौरा कर विभिन्न योजनाओं और सुविधाओं का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने क्षेत्र में दिव्यांगजनों को दी जा रही सुविधाओं का अवलोकन करते हुए अधिकारियों को सुधार हेतु आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने ग्राम रामगढ़ स्थित प्राथमिक विद्यालय (रामगढ़ द्वितीय) का भी निरीक्षण किया, जहाँ आंगनबाड़ी केंद्र, विद्यालय के कक्षों और दिव्यांगजनों के लिए निर्मित शौचालयों की स्थिति देखी गई।
श्री निठाली राम ने शौचालयों की साफ-सफाई सुनिश्चित करने और उन्हें पूर्ण रूप से दिव्यांगजन हितैषी बनाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
इसके उपरांत, उन्होंने ग्राम पंचायत रामगढ़ में स्थानीय ग्रामीणों एवं दिव्यांगजनों से संवाद कर उनकी समस्याएं एवं सुझाव सुने। उन्होंने भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों को कार्रवाई हेतु निर्देश दिए जाएंगे। इस मौके पर खंड विकास अधिकारी, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी, ग्राम प्रधान, ग्राम पंचायत सचिव, अन्य कर्मचारी एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।