लखनऊ/एबीएन न्यूज। उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल के मंडलीय कार्यालय स्थित सभागार में उत्तरीय रेलवे मजदूर यूनियन की 216वीं दो दिवसीय स्थायी वार्ता तंत्र (P.N.M.) की बैठक का सफल आयोजन दिनांक 25 जुलाई 2025 को संपन्न हुआ। यह बैठक प्रशासन एवं यूनियन के मध्य आपसी समन्वय एवं संवाद को मजबूत करते हुए, कर्मचारियों के हितों एवं प्रशासनिक कार्यों से संबंधित महत्वपूर्ण मुद्दों के त्वरित समाधान के उद्देश्य से आयोजित की जाती है। स्थायी वार्ता तंत्र न केवल पारदर्शिता को बढ़ावा देता है, बल्कि यह कर्मचारी कल्याण के लिए एक प्रभावशाली मंच भी प्रदान करता है।
बैठक को संबोधित करते हुए मंडल रेल प्रबंधक श्री सुनील कुमार वर्मा ने लखनऊ मंडल की वर्तमान उपलब्धियों, आगामी योजनाओं और प्रशासनिक रूपरेखा से यूनियन पदाधिकारियों को अवगत कराया। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि कर्मचारी हितों की रक्षा और कार्य स्थितियों में सुधार हेतु प्रशासन निरंतर प्रयासरत है। बैठक में यूनियन पदाधिकारियों ने कर्मचारियों से जुड़े अनेक अहम मुद्दों को प्रमुखता से रखा, जिन पर गहन विचार-विमर्श किया गया।

इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री शूरवीर सिंह चौहान, सभी विभागों के विभागाध्यक्ष, यूनियन के मंडल अध्यक्ष श्री आर.पी. राव एवं मंडल मंत्री श्री अवधेश कुमार दुबे सहित अन्य पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।