नझारखंड के गढ़वा जिले में रविवार को उस समय हालात बिगड़ गए जब एक पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। गढ़वा सदर थाना क्षेत्र के गुरदी गांव में ग्रामीणों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। इस घटना में छह पुलिसकर्मियों समेत कुल दस लोग घायल हो गए। हमले के बाद पूरे इलाके में तनाव फैल गया। पुलिस बल को मौके पर भेजा गया और स्थिति को नियंत्रण में लाने की कोशिशें शुरू हुईं।
=मामला तब शुरू हुआ जब शनिवार रात को गुरदी गांव निवासी तकशीर खान ने अपनी पत्नी रकीबा खातून के साथ मारपीट की। रविवार को रकीबा खातून के पिता और अन्य रिश्तेदार गांव पहुंचे और दोनों पक्षों में समझौता कराने की कोशिश की। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और ग्रामीणों ने रकीबा के परिवार पर हमला कर दिया। हालात बिगड़ते देख सूचना पर पहुंची पुलिस टीम भी विवाद शांत कराने की कोशिश में जुटी।
ये भी पढ़ें- तहसीलदार को सरकारी कुर्सी पर बैठकर गाना पड़ा भारी, सोशल मीडिया पर वायरल; आयुक्त ने किया निलंबित
पुलिस पर ग्रामीणों का हमला
गांव में पहुंचे छह सदस्यीय पुलिस दल पर ग्रामीणों ने अचानक हमला कर दिया। इसमें सभी पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस के साथ हुई इस हिंसा से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। थाना प्रभारी बृज कुमार ने बताया कि पुलिस टीम को बचाने के लिए अतिरिक्त बल को तत्काल गांव में भेजा गया। हमले में दो पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
ये भी पढ़ें- PM मोदी ने उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार राधाकृष्णन को दी बधाई, कहा- सेवा और सादगी उनकी पहचान
घायलों की स्थिति और इलाज
पुलिस के अनुसार, इस घटना में कुल दस लोग घायल हुए हैं। इनमें छह पुलिसकर्मी और चार ग्रामीण शामिल हैं। दो गंभीर रूप से घायल पुलिसकर्मियों का इलाज गढ़वा सदर अस्पताल में चल रहा है। अन्य घायलों की स्थिति स्थिर बताई जा रही है। डॉक्टरों की टीम लगातार घायलों की देखरेख कर रही है। पुलिस का कहना है कि इस हमले में शामिल दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।











