नई दिल्ली. सुपरस्टार रजनीकांत की ‘कूली’ बॉक्स ऑफिस पर ऋतिक रोशन की ‘वॉर 2’ से क्लैश हुई है. लेकिन अब दोनों फिल्मों के कलेक्शन में गिरावट देखने को मिल रही है. हालांकि, बॉक्स ऑफिस पर कमाई के मामले में ‘कूली’ अब भी ‘वॉर 2’ से आगे है. रविवार को रजनीकांत की ‘कूली’ की कमाई में ग्रोथ नहीं हुई. वहीं, ‘वॉर 2’ भी कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाई. जानिए दोनों मूवीज ने चार दिनों में भारत में कितने करोड़ रुपये का बिजनेस कर लिया है.
‘कूली’ फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कई रिकॉर्ड तोड़ चुकी है और 2025 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली तमिल फिल्म बन चुकी है. ट्रेड वेबसाइट सैकनिल्क की अर्ली रिपोर्ट के मुताबिक, ‘कूली’ ने चौथे दिन यानी रविवार को 35 करोड़ रुपये का बिजनेस किया है. फिल्म का खाता 65 करोड़ रुपये से खुला था. दूसरे दिन 54.75 करोड़ और तीसरे दिन 39.5 करोड़ रुपये का कलेक्शन हुआ. इस तरह
रजनीकांत की ‘कूली’ चार दिनों में देशभर में 194.25 करोड़ रुपये की कमाई कर चुकी है.
कमाई में ‘कूली’ से पीछे है ‘वॉर 2’
ऋतिक रोशन और जूनियर एनटीआर की फिल्म ‘वॉर 2’ बॉक्स ऑफिस पर कमाई के मामले में ‘कूली’ से पीछे चल रही है. हालांकि, इसे भारत में ज्यादा स्क्रीन्स मिली हैं. रविवार को ‘वॉर 2’ ने 31 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया. इस मूवी को 52 करोड़ की ओपनिंग मिली थी. दूसरे दिन फिल्म ने 57.35 करोड़ और तीसरे दिन 33.25 करोड़ रुपये का बिजनेस किया. ‘वॉर 2’ अब तक भारत में 173.60 करोड़ रुपये की कमाई कर चुकी है.
200 करोड़ क्लब के करीब पहुंची ‘कूली’
एक तरफ ‘कूली’ 190 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर चुकी है और जल्द ही 200 करोड़ क्लब में शामिल हो जाएगी. वहीं, ‘वॉर 2’ भारत में अभी 173.60 करोड़ रुपये के कलेक्शन में अटकी हुई है. अच्छी बात ये है कि दोनों फिल्मों ने पिछले चार दिनों में एक-दूसरे को टक्कर देते हुए डबल डिजिट में बिजनेस किया है. अब देखना होगा कि ‘कूली’ और ‘वॉर 2’ मंडे टेस्ट में पास हो पाती हैं कि नहीं.
लोकेश कनगराज ने किया ‘कूली’ का डायरेक्शन
लोकेश कनगराज के डायरेक्शन में बनी ‘कूली’ में रजनीकांत ने लीड किरदार निभाया है. फिल्म में उनके साथ नागार्जुन, श्रुति हासन, उपेन्द्र, सौबिन शाहिर और सत्यराज जैसे सितारे अहम किरदारों में हैं. ‘कूली’ में आमिर खान कैमियो रोल में नजर आते हैं. रजनीकांत की फिल्म को क्रिटिक्स से मिक्स रिव्यूज मिले हैं, लेकिन फैन्स ने फिल्म को काफी सराहा है. वहीं. ऋतिक रोशन और जूनियर एनटीआर की ‘वॉर 2’ का डायरेक्शन अयान मुखर्जी ने किया है. इसमें कियारा आडवाणी और आशुतोष राणा भी हैं.