मुंबई और महाराष्ट्र के कई अन्य जिलों में सोमवार को लगातार बारिश हो रही है, जिससे जगह-जगह पानी भर गया है और ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने आज के लिए मुंबई में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं, रायगढ़, रत्नागिरी, सतारा, कोल्हापुर और पुणे जैसे राज्य के अन्य जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है।
इससे पहले मुंबई में रविवार को भी भारी बारिश हुई। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के मुताबिक, रविवार को शहर में छह छगहों पर शॉर्ट सर्किट, 19 जगहों पर पेड़ या शाखाएं गिरने और दो दीवारें गिरने की घटनाएं हुईं। हालांकि, इन हादसों में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
ये भी पढ़ें: समुद्र में दिखा दुर्लभ नजारा, अस्तित्व की मजबूती के लिए साथ आईं व्हेल-डॉल्फिन; 200 घटनाओं का विश्लेषण
मुंबई और उसके उपनगरीय इलाकों में शनिवार से लगातार बारिश हो रही है। शनिवार देर रात तक 200 मिलीमीटर से ज्यादा बारिश दर्ज की गई थी। भारी बारिश से कई निचले इलाके जलमग्न हुए। शनिवार को बारिश से जुड़ी घटनाओं में विखरोली में दो लोगों की मौत हो गई थी।