सोनभद्र/एबीएन न्यूज। जिलाधिकारी श्री बी.एन. सिंह के निर्देश पर जनपद में संचालित निजी चिकित्सालयों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण अभियान उप जिलाधिकारी ओबरा श्री विवेक कुमार सिंह और सीओ ओबरा हर्ष पांडेय के नेतृत्व में चलाया गया। इसमें एसीएमओ डॉ. कीर्ति आजाद बिंद, एसीएमओ डॉ. प्रेमनाथ, राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम शामिल रही।

निरीक्षण के दौरान कोन क्षेत्र में कई प्राइवेट चिकित्सालयों की जांच की गई। इस दौरान आयुष्मान चिकित्सालय और होम्यो हाल महिला क्लिनिक को अवैध रूप से संचालित पाया गया। दोनों क्लीनिकों को मौके पर ही सील कर दिया गया।

इस मौके पर उप जिलाधिकारी श्री विवेक कुमार सिंह ने कहा कि जिलाधिकारी के निर्देशानुसार इसी प्रकार जनपद में संचालित निजी चिकित्सालयों का औचक निरीक्षण लगातार किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध रूप से संचालित अस्पतालों और क्लीनिकों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी और नियमों का पालन न करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
![]()











