11:44 AM, 21-Aug-2025
‘लोकतंत्र में गलत परंपरा की शुरुआत की जा रही’
बिलों को लेकर लोकसभा में हुए हंगामे पर केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा, ‘ये अत्यंत निंदनीय है लोकतंत्र में विपक्ष की अहम भूमिका होती है और उसका भूमिका का सकारात्मक होना जरूरी है….लेकिन इस तरीके से हंगामा करना और ऐसा आचरण का प्रदर्शन करना जो स्वीकार नहीं है आप लोकतंत्र में गलत परंपरा की शुरुआत कर रहे हैं। देश के गृह मंत्री हैं वो, अगर आपको उनकी किसी बातों से दिक्कत है तो आप सदन के पटल का इस्तेमाल कीजिए, देश को भी सुनने दीजिए आपके बातों को। लेकिन आप सदन चलने नहीं दे रहे हैं हंगामें कर रहे हैं और किस तरीके से बिल को फाड़कर आप मुंह पर फेंक रहे हैं ये तो कांग्रेस और विपक्ष की परंपरा रही है….ये इनकी कार्यशैली को दर्शाता है इसकी जितनी निंदा की जाए वो कम है।’
11:12 AM, 21-Aug-2025
राज्यसभा 2 बजे तक स्थगित
राज्यसभा की कार्यवाही भी दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित हो गई है।
11:05 AM, 21-Aug-2025
लोकसभा 12 बजे तक स्थगित
लोकसभा में एसआईआर के मुद्दे पर हंगामा जारी है। गुरुवार को सदन की कार्यवाही जैसे ही शुरू हुई, विपक्षी सांसदों ने हंगामा कर दिया, जिसके बाद सदन की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दी गई। राज्यसभा की कार्यवाही जारी है।
09:48 AM, 21-Aug-2025
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की ओर से गंभीर आपराधिक आरोपों में हिरासत में लिए गए निर्वाचित प्रतिनिधियों (प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्रियों सहित) को हटाने का प्रस्ताव करने वाले विधेयक पेश किए जाने का कड़ा विरोध हुआ। हालांकि, अर्थव्यवस्था और वित्त, बुनियादी ढांचा और विकास, खेल और शासन से संबंधित प्रमुख विधेयक संसद की ओर से पारित कर दिए गए।
बुधवार को लोकसभा में उस समय हंगामा मच गया, जब विपक्षी सांसदों ने तीन विधेयकों की प्रतियां फाड़कर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की ओर फेंकी। इन विधेयकों में भ्रष्टाचार या गंभीर अपराधों के आरोपों का सामना कर रहे और लगातार 30 दिनों से हिरासत में लिए गए प्रधानमंत्री या मुख्यमंत्रियों को हटाने का प्रावधान है।
शाह ने भारत के संविधान में और संशोधन करने के लिए संविधान (130वां संशोधन) विधेयक, 2025 और केंद्र शासित प्रदेशों की सरकार (संशोधन) विधेयक, 2025 के अलावा जम्मू-कश्मीर पुनर्गठन अधिनियम, 2019 में संशोधन करने वाला विधेयक भी पेश किया। उन्होंने इन विधेयकों को संसद की एक संयुक्त समिति को भेजने का भी प्रस्ताव रखा। बाद में विधेयकों को संसद की संयुक्त समिति को भेज दिया गया।
09:45 AM, 21-Aug-2025
कार्यसूची में क्या-क्या?
कार्यसूची के अनुसार, पंकज चौधरी, नित्यानंद राय, कीर्ति वर्धन सिंह, शांतनु ठाकुर, अजय टम्टा, सुकांत मजूमदार और मुरलीधर मोहोल सहित कई केंद्रीय मंत्री अपने-अपने मंत्रालयों के दस्तावेज सदन पटल पर रखेंगे। संसद आज ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला, जो हाल ही में अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) के एक सफल मिशन से लौटे हैं, के सम्मान में एक विशेष चर्चा भी आयोजित करेगी। कार्यसूची के अनुसार, चर्चा ‘2047 तक विकसित भारत के लिए अंतरिक्ष कार्यक्रम की महत्वपूर्ण भूमिका’ पर केंद्रित है।
- आजाद कीर्ति झा और डॉ. कल्याण वैजनाथराव काले रसायन एवं उर्वरक संबंधी स्थायी समिति (2024-25) की रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे।
- बसवराज बोम्मई और रुद्र नारायण पाणि श्रम, वस्त्र एवं कौशल विकास संबंधी स्थायी समिति की रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे।
- पीसी मोहन और गजेंद्र सिंह पटेल सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता संबंधी स्थायी समिति (2024-25) की रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे।
09:39 AM, 21-Aug-2025
Monsoon Session Live: एसआईआर के मुद्दे पर हंगामा जारी, लोकसभा 12 बजे तक और राज्यसभा दो बजे तक स्थगित
Parliament Monsoon Session News Live Updates: संसद की कार्यवाही गुरुवार सुबह 11 बजे फिर से शुरू होगी। इस दौरान भारी हंगामे के आसार है। अब तक की कार्यवाही को देखते हुए उम्मीद जताई जा रही है कि हंगामेदार और व्यवधानों से भरे मानसून सत्र के अंतिम दिन भी विपक्ष सरकार को घेरने का प्रयास करेगा। 21 जुलाई से शुरू हुए इस सत्र में कई मुद्दों पर गरमागरम बहस और विपक्ष के विरोध प्रदर्शन हुए। इनमें ‘वोट चोरी’ के आरोप, बिहार के विशेष गहन पुनरीक्षण में अनियमितताएं, ऑपरेशन सिंदूर और पहलगाम आतंकवादी हमले से निपटने के केंद्र के तरीके शामिल हैं।











