राजस्थान की टोंक लोकसभा सीट से पूर्व सांसद सुखबीर सिंह जोनापुरिया बड़े विवाद में घिर गए हैं. उनका एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसके जरिए दावा किया जा रहा है कि उन्होंने मुस्लिम महिलाओं से नाम पूछ-पूछकर बांटे गए कंबल वापस ले लिए. वीडियो में यह भी देखा गया कि बीजेपी नेता ने गरीब महिलाओं का नाम पूछा और उनके मुस्लिम होने पर कहा- ‘हट एक तरफ, कंबल यहीं छोड़ दे.’
मामला निवाई क्षेत्र के करेड़ा बुजुर्ग गांव का है. यहां सीता-राम मंदिर के पास सुखबीर सिंह जोनापुरिया आज (रविवार, 22 फरवरी) ने गरीबों के लिए कंबल-वितरण का कार्यक्रम रखा था. कंबल बांटते समय सुखबीर सिंह जोनापुरिया ने नीचे बैठी महिला से उसका नाम पूछा. महिला ने बताया- सुकरान खान.
नाम सुनते ही पूर्व सांसद भड़क गए. उन्होंने महिला से कहा- हट एक तरफ. वहां मौजूद महिलाओं का कहना था कि पूर्व सांसद ने पहले उन्हें कंबल दे दिया था, लेकिन जब उनको पता चला कि वे मुस्लिम हैं तो सभी कंबल वापस ले लिए.
‘मेरा पर्सनल कार्यक्रम है, मोदी को गाली देने वालों को नहीं मिलेगा कंबल’
दावा है कि बीजेपी के पूर्व सांसद सुखबीर सिंह जोनापुरिया ने महिलाओं से कहा- देखो, बात सुनो. जो मोदी को गाली देने वाले लोग हैं, उन्हें यह कंबल लेने का हक नहीं है. चाहे किसी को बुरा लग जाए, लेकिन बात सीधी है. इस मामले को लेकर जब स्थानीय लोगों ने पूर्व सांसद को टोका तो उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम उनका ‘पर्सनल’ है न कि कोई सरकारी स्कीम.
कांग्रेस ने बीजेपी पर जमकर बोला हमला
अब पूर्व सांसद का यह वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है. मामले को लेकर कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश अध्यक्ष MD चौपदार ने कहा कि यह वीडियो बीजेपी की ओछी मानसिकता को दर्शाता है. कंबल जैसी छोटी वस्तु के लिए ऐसा ओछापन बीजेपी ही कर सकती है.










