Last Updated:
Jaswinder Bhalla Death Reason: फिल्म इंडस्ट्री में मातम पसरा है और अब लोग ये जानना चाह रहे हैं कि आखिर फिल्मों में बिलकुल ठीक-ठाक दिखने वाले जसविंदर भल्ला को 65 की उम्र में क्या हो गया. उनकी मौत का कारण क्या है?

नई दिल्ली. पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री में टैलेंट की कोई कमी नहीं है और इन्हीं में से एक चमकता सितारा थे जसविंदर भल्ला. हाल ही में उनके निधन ने सभी को दुखी कर दिया, वो सिनेमा की दुनिया के वो चमकते सितारे थे, जिन्होंने हजारों चेहरों पर मुस्कान ला दी. अपनी सधी हुई अदायगी और शानदार कॉमिक टाइमिंग के कारण वे हर उम्र के दर्शकों के चहेते बने. सिर्फ 65 साल की उम्र में वह दुनिया को अलविदा कह गए.

पंजाबी फिल्मों और थिएटर के मशहूर कॉमेडियन जसविंदर भल्ला ने आज सुबह अंतिम सांस ली. जानकारी के मुताबिक, वे कुछ समय से बीमार चल रहे थे. हाल ही में उन्हें मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया है. आज हम आपको उनके जीवन के कुछ ऐसे किस्से बताएंगे जो उन्हें और भी खास बनाते हैं.

जसविंदर भल्ला पंजाबी इंडस्ट्री के सबसे पढ़े-लिखे सितारों में से एक थे. उन्होंने पंजाब एग्रीकल्चरल यूनिवर्सिटी (PAU) से एग्रीकल्चरल साइंस में पीएचडी की डिग्री हासिल की थी. कॉलेज के दिनों में ही उन्होंने यूनिवर्सिटी के प्रोग्राम्स में कॉमेडी करनी शुरू कर दी थी, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने अपनी पढ़ाई पर पूरा ध्यान दिया.

क्या आप जानते हैं कि भल्ला साहब एक्टर और कॉमेडियन बनने से पहले PAU में प्रोफेसर भी रह चुके थे? उन्होंने अपनी डिग्री का पूरा इस्तेमाल किया. यूनिवर्सिटी के छात्र और टीचर्स के लिए उनका साथ कितना मजेदार रहा होगा, इसकी सिर्फ कल्पना ही की जा सकती है.

जसविंदर भल्ला को परफॉर्मिंग आर्ट्स का शौक बचपन से ही था. स्कूल के दिनों में वह स्वतंत्रता दिवस और गणतंत्र दिवस के कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते थे. जल्द ही वह स्कूल प्रोग्राम्स से ऑल इंडिया रेडियो (AIR) तक पहुंच गए और 1975 में उन्हें AIR के लिए परफॉर्म करने का मौका मिला.

जसविंदर भल्ला को पहचान फिल्मों से नहीं, बल्कि एक ऑडियो कैसेट ‘छनकटा’ से मिली. यह कैसेट 1988 में रिलीज हुई थी और इसने उनके करियर की शुरुआत कर दी. उन्होंने यह सफर अपने यूनिवर्सिटी क्लासमेट बाल मुकुंद शर्मा के साथ शुरू किया था. इसके बाद उन्होंने ‘छनकटा’ के 27 ऑडियो और वीडियो सीरीज रिलीज कीं.

उन्होंने अपना पूरा जीवन परफॉर्मिंग आर्ट्स को समर्पित कर दिया. कॉलेज शो, ‘छनकटा’ सीरीज और फिल्मों के अलावा, उन्होंने कई स्टेज शोज भी किए. उनका सबसे मशहूर स्टेज शो ‘नॉटी बाबा इन टाउन’ था, जिसके लिए उन्होंने कनाडा और ऑस्ट्रेलिया का दौरा भी किया.

जसविंदर भल्ला के पिता मास्टर बहादुर सिंह भल्ला गांव बरमलिपुर में प्राइमरी स्कूल टीचर थे. उनकी पत्नी परमदीप भल्ला एक फाइन आर्ट्स टीचर हैं. उनके दो बच्चे हैं, एक बेटा और एक बेटी. उनकी बेटी अशप्रीत कौर नॉर्वे में रहती हैं और उनका बेटा पुखराज एक एक्टर है.
![]()










