दुनिया के सबसे बड़े खेल आयोजन में से एक फीफा वर्ल्ड कप 2026 अब और भी भव्य होने वाला है। पहली बार इस टूर्नामेंट में कुल 48 देशों की टीमें हिस्सा लेंगी और कुल 104 मुकाबले खेले जाएंगे। इस ऐतिहासिक टूर्नामेंट का ड्रॉ अब लास वेगास में नहीं, बल्कि अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन डीसी के प्रतिष्ठित केनेडी सेंटर में होगा और इसकी घोषणा खुद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने की है। उन्होंने एलान किया कि 2026 पुरुष फुटबॉल वर्ल्ड कप का ग्रुप ड्रॉ इस साल दिसंबर में वॉशिंगटन डीसी में किया जाएगा।
ये भी पढ़ें:- Sergio Gor US Envoy: ट्रंप ने भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर को बनाया, दक्षिण-मध्य एशिया का भी जिम्मा
कार्यक्रम में फीफा अध्यक्ष जियानी इन्फैंटिनो भी रहे मौजूद
ओवल ऑफिस में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान ट्रंप के साथ फीफा अध्यक्ष जियानी इन्फैंटिनो भी मौजूद थे। इन्फेंटिनो वर्ल्ड कप की ट्रॉफी भी साथ लाए थे। उन्होंने कहा कि ड्रॉ का सीधा प्रसारण दुनिया भर में होगा और इसे करीब एक अरब लोग देखेंगे। यह 104 मैचों का टूर्नामेंट होगा, यानी 104 सुपर बाउल्स। इसी दौरान जब इनफैंटिनो ने ट्रंप को ट्रॉफी पकड़ने का मौका दिया, तो ट्रंप ने मुस्कुराते हुए पूछा कि क्या मैं इसे रख सकता हूं?
ये भी पढ़ें:- TikTok: अमेरिका ने चौथी बार बढ़ाई टिकटॉक पर प्रतिबंध की समयसीमा, कंपनी को सितंबर तक ढूंढना होगा नया मालिक
केनेडी सेंटर में पांच दिसंबर को होगा ड्रॉ
ये ड्रॉ पांच दिसंबर को केनेडी सेंटर में होगा, जहां ट्रंप चेयरमैन हैं। इससे पहले यह माना जा रहा था कि ड्रॉ लास वेगास में होगा, जैसे 1994 के वर्ल्ड कप में हुआ था। 2026 का टूर्नामेंट अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको तीन देशों में मिलकर आयोजित होगा और इसमें पहली बार 48 टीमें भाग लेंगी। बता दें कि ड्रॉ में 48 टीमों को 12 ग्रुपों में बांटा जाएगा, हर ग्रुप में 4 टीमें होंगी। हर ग्रुप की शीर्ष दो टीमें और आठ बेस्ट थर्ड-प्लेस टीमें नॉकआउट चरण में जाएंगी।