दुद्धी/सोनभद्र। बुधवार को पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा ने महिला थाना दुद्धी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाने की साफ-सफाई, अभिलेखों के संधारण, महिला शिकायत रजिस्टर, लंबित प्रकरणों की स्थिति, महिला हेल्प डेस्क की कार्यप्रणाली, सीसीटीएनएस प्रणाली तथा कर्मियों की उपस्थिति आदि का गहन अवलोकन किया।

निरीक्षण के दौरान महिला उपनिरीक्षक एवं थाने के अन्य स्टाफ से वार्ता करते हुए एसपी ने निर्देश दिया कि महिला संबंधित अपराधों की विवेचनाएँ समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरी की जाएँ। उन्होंने महिला पुलिसकर्मियों को यह भी संदेश दिया कि पीड़िताओं को त्वरित सहायता और न्याय दिलाने के लिए संवेदनशीलता के साथ कार्य करना आवश्यक है।

एसपी ने स्पष्ट कहा कि महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए प्रत्येक स्तर पर जिम्मेदारी और गंभीरता से कार्य किया जाना चाहिए।
![]()










