04:58 PM, 05-Oct-2025
जीतन राम मांझी और चिराग पासवान के दलों में कई तरह की रार
एनडीए में दलित वोटरों की जिम्मेदारी लेने वाले चिराग पासवान और जीतन राम मांझी के दलों के बीच कई तरह की रार है, जिसका समाधान करने के लिए भाजपा को बहुत तरह के पापड़ बेलने पड़ रहे हैं। मांझी जहां 40 सीटें चाह रहे हैं, ताकि उनकी पार्टी मान्यता प्राप्त दल बनने के लिए जरूरी 8 विधायक बना सके। वह जीतने वाली आठ सीटों के साथ अधिकतम सीट पाने की हसरत पाले बैठे हैं। दूसरी तरफ चिराग पासवान भी अपनी पार्टी के लिए दलित बहुल सीटें चाह रहे हैं। भाजपा-जदयू के बाद बची 43 सीटों में से चिराग ज्यादा सीटें लेना चाह रहे, इससे भी ज्यादा नुकसान मांझी को ही है। कुशवाहा को भाजपा अलग तरीके से मना रही है, इसलिए वह ज्यादा सीटों की जिद पर नहीं अड़ेंगे।
04:30 PM, 05-Oct-2025
भाजपा आज सबसे ज्यादा सक्रिय, कई मोर्चे पर चल रहा काम
भाजपा रविवार को सबसे सक्रिय दल के रूप में नजर आ रही है। जहां भाजपा चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान और बिहार प्रभारी विनोद तावड़े जदयू के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष व केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह से मुकाकात के बाद जीतन राम मांझी और उपेंद्र कुशवाहा से मिलने पहुंचे, वहीं कुछ नेताओं को चिराग पासवान के साथ समय तय करने में लगाया गया। दूसरी तरफ, पार्टी के अंदर भी बैठकों के साथ कार्यक्रमों का दौर चल रहा है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल और संगठन महामंत्री भीखू भाई दालसानिया को नमो ऐप्प की प्रदेश स्तरीय बैठक में देखा गया। उधर, दोनों उप मुख्यमंत्री के साथ प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल को बिहार चुनाव में आम लोगों से घोषणा पत्र पर सुझाव के लिए पत्र-पेटी के रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करने में लगाया गया।
04:25 PM, 05-Oct-2025
बिहार चुनाव में जदयू-भाजपा बराबरी के गणित पर
पिछली बार 115 सीटों पर लड़कर 43 पर जीत हासिल करने वाले जदयू को इस बार भी भाजपा से ज्यादा सीटें चाहिए थी, लेकिन ऐसी उम्मीद नहीं है। एक-दो सीटों का आगे-पीछे हो सकता है, लेकिन अब तक की स्थिति यही है कि दोनों दल 100-100 सीटों पर उतरेंगे। भाजपा ने पिछले चुनाव में 110 सीटों पर प्रत्याशी दिए थे, जिनमें से 74 पर उसे जीत मिली थी। भाजपा के तीन, जबकि जदयू के पांच प्रत्याशियों की जमानत जब्त हुई थी। भाजपा के ज्यादा प्रत्याशी जदयू के मुकाबले कम अंतरों से हारे थे। इस बार एनडीए में चिराग पासवान, जीतन राम मांझी और उपेंद्र कुशवाहा के दल हैं। 243 में से 200 सीटें भाजपा-जदयू में बंट जाने पर 43 सीटों में से तीनों दलों के बीच बंटवारे पर ही अनबन चल रही है।
04:18 PM, 05-Oct-2025
पिछले चुनाव से अलग गणित पर सभी की तैयारी चल रही
बिहार विधानसभा चुनाव 2020 में सीट बंटवारे के समय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी- जनता दल यूनाईटेड की भूमिका बड़े भाई की थी। क्षेत्रीय दल होकर भी जदयू ने तब 115 सीटें ली थीं और भाजपा को 110 सीटों पर प्रत्याशी उतारने का मौका दिया था। भाजपा के कई नेता तब एनडीए से अलग उतरे चिराग पासवान के चुनाव चिह्न तले मैदान में आए थे। चिराग पासवान को सिर्फ एक ही विधानसभा सीट पर जीत मिली, लेकिन उन्होंने 40 से ज्यादा सीटों पर जदयू को परेशान किया। लोजपा ने 135 सीटों पर प्रत्याशी दिए थे। इनमें जदयू के अलावा हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा, तब एनडीए में रहे विकासशील इंसान पार्टी की भी सीटें थीं। भाजपा की सीटों की तरफ चिराग ने नजर नहीं डाली थी। इस बार दूसरे तरह का गणित दिख रहा है।
04:05 PM, 05-Oct-2025
जीतन राम मोंझी के बाद उपेंद्र कुशवाहा से मिले भाजपा नेता
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में भारतीय जनता पार्टी बड़े भाई की भूमिका में साफ दिख रही है। सीट बंटवारे पर अहम फैसला भाजपा की ओर से ही होना है। सभी दलों के बीच समन्वय में भी भाजपा की ही अहम भूमिका है। इसलिए, रविवार को धर्मेंद्र प्रधान ने जीतन राम मांझी से मुलाकात के बाद पूर्व केंद्र मंत्री और राष्ट्रीय लोक मोर्चा प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा से मिलने पहुंचे। प्रधान, तावड़े और सम्राट के अलावा इस मुलाकात में भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री ऋतुराज सिन्हा भी शामिल थे। इससे पहले ऋतुराज ने उपेंद्र कुशवाहा और पवन सिंह की मुलाकात में भी अहम भूमिका निभाई थी।
03:53 PM, 05-Oct-2025
मांझी से मिलने पहुंचे धर्मेंद्र प्रधान और विनोद तावड़े
बिहार विधानसभा चुनाव के पहले राजग में सीट बंटवारे को लेकर रविवार को धर्मेंद्र प्रधान की सक्रियता सुर्खियों में है। रविवार को सुबह भारतीय जनता पार्टी कार्यालय में बैठक हुई थी। इसमें सिर्फ पांच सीटों को लेकर थोड़ी बातचीत हुई थी और फिर शाम के लिए बात रह गई। इस बीच, बिहार भाजपा के चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान, बिहार भाजपा प्रभारी विनोद तावड़े, उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आदि केंद्रीय मंत्री व हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा-सेक्युलर के प्रमुख जीतन राम मांझी से मिलने पहुंचे। बैठक के बाद मांझी ने जल्द सीट बंटवारा फाइनल होने की बात कही। बताया जा रहा है कि जीतन राम मांझी और चिराग पासवान कुछ सीटों को लेकर टकरा रहे हैं, जिसका रास्ता निकाला जा रहा है।
03:50 PM, 05-Oct-2025
चिराग पासवान को लेकर कई तरह की बातें
राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन में सीट बंटवारे को जितना सहज बताया जा रहा था, उतना सहज दिख नहीं रहा है। केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान का मोबाइल बंद मिलना इस समय चर्चा में है, क्योंकि रविवार को सुबह से एनडीए की सीट शेयरिंग को लेकर हर दल के अंदर गंभीर चर्चा चल रही है। बिहार भाजपा के चुनाव प्रभारी और केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान गठबंधन के बाकी दलों के नेताओं से मिल रहे हैं।
03:42 PM, 05-Oct-2025
Bihar Election Update LIVE : एनडीए के सीट बंटवारे में उठापटक, मांझी-कुशवाहा से मिले भाजपा नेता, चिराग दूर-दूर
बिहार विधानसभा चुनाव की अधिसूचना जारी होने में अभी दो-तीन दिन का समय है। एक या दो चरण में चुनाव होने की स्थिति में अधिसूचना की तारीख कुछ और भी बढ़ सकती है। 22 नवंबर तक चुनाव प्रक्रिया पूरी करने के हिसाब से भारत निर्वाचन आयोग अपना काम कर रहा है। इस बीच राजनीतिक दलों के गठबंधन सीट बंटवारे को लेकर कहीं-न-कहीं फंसे हुए दिख रहे हैं। रविवार को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के अंदर भारी गहमागहमी है।












