ईरान ने भारतीयों के लिए वीजा-मुक्त प्रवेश को लेकर बड़ा कदम उठाते हुए तुरंत प्रभाव से बंद कर दिया है। इस बात की जानकारी विदेश मंत्रालय (एमईए) ने सोमवार को दी। विदेश मंत्रालय ने एडवाइजरी जारी कर बताया कि ईरान ने अब भारतीय नागरिकों के लिए वीजा-मुक्त यानी बिना वीजा प्रवेश की सुविधा बंद कर दी है। यह नियम 22 नवंबर से लागू हो गया है। ऐसे में अब किसी भी भारतीय को ईरान जाने या रास्ते में ईरान से होकर दूसरे देश जाने (ट्रांजिट) के लिए पहले से वीजा लेना पड़ेगा।
बता दें कि यह फैसला उन बढ़ती घटनाओं के बाद लिया गया है, जहां भारतीयों को फर्जी नौकरी और विदेश भेजने के झांसे में ईरान पहुंया गया और वहां पहुंचकर कई को अगवा कर फिरौती तक मांगी गई। अब किसी भी भारतीय को ईरान जाने या ट्रांज़िट के लिए पहले से वीजा लेना अनिवार्य होगा।
ये भी पढ़ें:- समृद्धि बढ़ी, रिश्तों में दूरी आई: बुजुर्गों की हालत पर जस्टिस सूर्यकांत ने जताई चिंता, युवाओं को दी सलाह
समझिए क्यों रोकी गई वीजा छूट?
विदेश मंत्रालय द्वारा जारी एडवाइजरी के अनुसार, हाल के दिनों में कई भारतीयों को फर्जी नौकरी देने, या दूसरे देशों में भेजने का झांसा देकर ईरान ले जाया जा रहा था। कुछ एजेंट यह कहते थे कि ईरान जाने के लिए वीजा नहीं चाहिए, इसलिए आसानी से यात्रा हो सकती है। लेकिन ईरान पहुंचने पर कई लोगों के साथ गंभीर धोखाधड़ी हुई। मंत्रालय ने बताया कि कुछ भारतीयों को वहां किडनैप कर लिया गया और उनके परिवारों से फिरौती मांगी गई। इन घटनाओं के कारण ईरान सरकार ने वीजा-मुक्त सुविधा को रोकने का फैसला लिया है ताकि ऐसे अपराधों को रोका जा सके।
विदेश मंत्रालय ने दी सख्त चेतावनी
दूसरी ओर विदेश मंत्रालय ने भारतीय लोगों को सख्त चेतावनी दी है कि किसी भी एजेंट की बातों में न आएं, वीजा-फ्री यात्रा या ईरान के रास्ते किसी और देश में भेजने के दावे पर भरोसा न करें, नौकरी के नाम पर मिल रहे ऑफर को अच्छी तरह जांच लें। मंत्रालय ने इस बात पर भी जोर दिया कि सभी भारतीय सतर्क रहें, क्योंकि ऐसे झूठे वादों के जरिए कई लोगों को धोखा देकर मुश्किल में डाला जा रहा है। इस तरह ईरान का यह कदम भारतीय नागरिकों को धोखाधड़ी और अपराध से बचाने के लिए उठाया गया है।
ये भी पढ़ें:- गवाहों के पिछले बयानों को आभासी उपस्थिति में इलेक्ट्रॉनिक रूप से प्रेषित किया जाना चाहिए: सर्वोच्च न्यायालय
समझिए अब क्या बदला है?
गौरतलब है कि ईरान के इस फैसले के बाद 22 नवंबर से भारतीयों को ईरान जाने के लिए वीजा जरूरी होगा। ऐसे में ईरान के रास्ते किसी तीसरे देश में जाने वालों को भी वीजा लेना पड़ेगा। बिना वीजा यात्रा की सुविधा अब बंद है।












