उत्तर प्रदेश के अशासकीय सहायता प्राप्त (एडेड) जूनियर हाईस्कूल स्कूलों में प्रधानाध्यापकों व सहायक अध्यापकों के खाली पदों पर चयन के लिए ऑनलाइन आवेदन 24 नवंबर से शुरू होगा। बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से एनआईसी के सहयोग से इसके लिए वेबसाइट सक्रिय कर दी गई है। साथ ही इसकी विस्तृत जानकारी विभाग की वेबसाइट पर भी उपलब्ध है।
एडेड जूनियर हाईस्कूल स्कूलों में 253 प्रधानाध्यापक और 1262 शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया के लिए परीक्षा 2021 में हुई थी। इसका संशोधित परिणाम छह सितंबर 2022 को जारी किया गया था। इसमें उत्तीण अभ्यर्थियों के लिए भर्ती प्रक्रिया अब शुरू की जा रही है। बेसिक शिक्षा निदेशक प्रताप सिंह बघेल ने बताया कि इसके लिए पात्र अभ्यर्थियों से आवेदन 24 नवंबर से 14 दिसंबर तक लिए जाएंगे। चयन सूची का प्रकाशन 23 दिसंबर को होगा।
ये भी पढ़ें – यूपी में लगातार छठवें साल नहीं बढ़ेंगी बिजली दरें, देश का पहला राज्य बना उत्तर प्रदेश
ये भी पढ़ें – यूपी में अवैध घुसपैठियों के लिए बनाए जाएंगे अस्थायी डिटेंशन सेंटर, सीएम योगी का स्पष्ट निर्देश- सख्त कार्रवाई करें
चयन सूची में शामिल अभ्यर्थियों से विद्यालय आवंटन का विकल्प 24 से 30 दिसंबर तक लिया जाएगा। बीएसए विद्यालय आवंटन सहित चयन सूची भेजेंगे व 10 जनवरी तक सत्यापन कराएंगे। बीएसए द्वारा चयनित अभ्यर्थियों के अभिलेखों का परीक्षण 11 जनवरी से 15 जनवरी तक कराया जाएगा। जबकि संस्था प्रबंधन को नियुक्ति पत्र जारी करने व बीएसए द्वारा अर्ह अभ्यर्थियों की सूची 20 जनवरी तक भेजी जाएगी।
संस्था प्रबंधन द्वारा नियुक्ति पत्र 30 जनवरी को जारी करके 15 फरवरी तक कार्यभार ग्रहण कराना होगा। विद्यालय में नियुक्त अभ्यर्थियों के सभी अभिलेखों का सत्यापन विद्यालय में कार्यभार ग्रहण कराने की तिथि से एक महीने के अंदर करना होगा। बेसिक शिक्षा निदेशक ने बताया कि विभाग ने वेबसाइट पर भी इससे जुड़ी पूरी सूचना जारी कर दी है। अभ्यर्थी इसे पढ़कर फिर आवेदन करें।











