पीलीभीत में टनकपुर हाईवे पर बृहस्पतिवार सुबह बड़ा हादसा होने से बचा। बच्चे को बचाने को बचाने के चक्कर में एक कार गौहनियां चौराहे के पास तालाब में जा गिरी। कार में फंसे चालक को तालाब में मछली पकड़ रहे नाविक और एक अन्य युवक ने जान जोखिम में डालकर सुरक्षित बाहर निकाला। सूचना पर पहुंची पुलिस और दमकल की टीम ने तालाब से कार को बाहर निकाला।
सुबह करीब 10:30 बजे मोहल्ला सुनगढ़ी निवासी शुभम तिवारी (30) कार से अवधनगर कॉलोनी से टनकपुर हाईवे की ओर जा रहे थे। काशीराम बरातघर के पास अचानक एक बच्चा सड़क पर आ गया। उसे बचाने के प्रयास में कार अनियंत्रित होकर तालाब में जा गिरी। कुछ ही देर में कार पानी में बहकर करीब 50 फुट अंदर चली गई और धीरे-धीरे डूबने लगी। कार का दरवाजा जाम होने से चालक फंस गया।
तालाब में उस समय नाव से मछली पकड़ रहे भिकारीपुर गांव निवासी फैसल और वहां से गुजर रहे दिनेश कुशवाहा निवासी ग्राम मल्लपुर न्यूरिया ने बिना देरी किए तालाब में छलांग लगा दी। करीब 20 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसे चालक को सुरक्षित निकालकर तालाब के बाहर लेकर आए। थोड़ी ही देर में कार पूरी तरह तालाब में डूब गई।
सूचना मिलते ही सिटी मजिस्ट्रेट विजयवर्धन तोमर, सीओ सिटी दीपक चतुर्वेदी, कोतवाल सत्येंद्र कुमार, इंस्पेक्टर नरेश त्यागी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। दमकल टीम ने ग्रामीणों की मदद से रस्सों के सहारे कार को किनारे तक खींचा और बाद में ट्रैक्टर की मदद से बाहर निकाला। वहीं शुभम को जिला अस्पताल ले जाकर उपचार कराया गया और वहां से घर भेज दिया गया।










