सोनभद्र/ सिंगरौली/एबीएन न्यूज़। भारत सरकार की मिनीरत्न कंपनी नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) में सोमवार को वार्षिक खान सुरक्षा सप्ताह 2025 का औपचारिक शुभारंभ किया गया। यह सुरक्षा सप्ताह 8 दिसंबर से 17 दिसंबर 2025 तक आयोजित होगा, जिसके दौरान एनसीएल की सभी 10 खदानों तथा सिंगरौली परिक्षेत्र की अन्य खदानों का सुरक्षा निरीक्षण किया जाएगा।
मुख्यालय में आयोजित उद्घाटन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि निदेशक (वित्त) श्री रजनीश नारायण ने ध्वजारोहण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर निदेशक (तकनीकी/परियोजना एवं योजना) श्री आशुतोष द्विवेदी, खान सुरक्षा महानिदेशालय, गाजियाबाद से श्री वाई. लक्ष्मी श्रीनिवास, श्री अनिल कुमार चौधरी (डीडीएमएस–मेकनिकल), श्री अजय कुमार (सीएमएस), श्री लाल पुष्पराज सिंह व राम प्रताप सिंह (आरसीएसएस), श्री प्रयाग लाल वैश (बीएमएस प्रतिनिधि), श्री अशोक कुमार पांडे (एचएमएस), सीएमओएआई सचिव श्री सर्वेश सिंह तथा मुख्यालय के महाप्रबंधक, विभागाध्यक्ष और बड़ी संख्या में अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में श्री रजनीश नारायण ने कहा कि एनसीएल में अनुशासन, संवेदनशीलता और मानव मूल्य आधारित सुरक्षा संस्कृति इसकी सबसे बड़ी मजबूती है। उन्होंने सभी कर्मियों से आग्रह किया कि वे ‘सुरक्षा प्रथम, सुरक्षा सदैव’ के सिद्धांत को अपने हर कार्य में प्राथमिकता दें। उन्होंने बताया कि एनसीएल ने सुरक्षा प्रबंधन में कई नवाचारी, पारदर्शी और बहुविषयक आईटी आधारित सिस्टम अपनाए हैं, जो सुरक्षित खनन कार्यों में नई दिशा दे रहे हैं।
इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने वैधानिक प्रावधानों का पालन करने, सुरक्षा–स्वास्थ्य के प्रति समर्पित रहने और प्रेरणादायक व्यवहार अपनाने की शपथ ली।
एनसीएल की सभी परियोजनाओं और इकाइयों में भी वार्षिक खान सुरक्षा सप्ताह की शुरुआत उत्साहपूर्वक की गई। सप्ताह भर के दौरान विभिन्न सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम, प्रशिक्षण, निरीक्षण, तथा सुरक्षा नवाचारों के प्रदर्शन आयोजित किए जाएंगे।
![]()











