लखनऊ/एबीएन न्यूज। उत्तर प्रदेश भारतीय जनता पार्टी को नया प्रदेश अध्यक्ष मिल गया है। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने पंकज चौधरी के नाम का औपचारिक ऐलान करते हुए उन्हें यूपी भाजपा का नया प्रदेश अध्यक्ष घोषित किया। उनके अध्यक्ष बनने की घोषणा के बाद प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है और पार्टी नेताओं ने उन्हें शुभकामनाएं देना शुरू कर दिया है।
पंकज चौधरी के प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने पर उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने बधाई देते हुए उनके नेतृत्व पर भरोसा जताया। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि पंकज चौधरी के नेतृत्व में भाजपा 2027 के विधानसभा चुनाव में एक बार फिर सरकार बनाएगी और इस बार 2017 के रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी का लक्ष्य 2027 में विपक्ष को निर्णायक रूप से परास्त करना है और भाजपा पूरी मजबूती के साथ मैदान में उतरेगी। मौर्य ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर पार्टी को मजबूत बनाने का आह्वान भी किया।
वहीं उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने पंकज चौधरी के संगठनात्मक अनुभव की सराहना करते हुए कहा कि उनका राजनीतिक सफर गोरखपुर से शुरू होकर आज प्रदेश स्तर तक पहुंचा है। उन्होंने कहा कि पंकज चौधरी ने हमेशा संगठन और सरकार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर कार्य किया है और देश व प्रदेश के विकास में उनका योगदान महत्वपूर्ण रहा है।
पंकज चौधरी के प्रदेश अध्यक्ष बनने से भाजपा संगठन को नई दिशा और ऊर्जा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। पार्टी नेतृत्व को भरोसा है कि उनके नेतृत्व में संगठन और अधिक सशक्त होगा तथा आगामी चुनावों में भाजपा को इसका लाभ मिलेगा।
![]()











