अमेरिका के सबसे चर्चित और विवादित यौन तस्करी मामलों में शामिल जेफ्री एपस्टीन से जुड़े लंबे समय से गोपनीय रखे गए दस्तावेज अब सामने आने लगे हैं। अमेरिकी न्याय विभाग ने शुक्रवार से एपस्टीन ट्रैफिकिंग जांच से जुड़ी फाइलें जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। यह कदम उस जनदबाव और राजनीतिक दबाव के बाद आया है, जो वर्षों से इन रिकॉर्ड्स को सार्वजनिक करने की मांग कर रहा था।
न्याय विभाग के डिप्टी अटॉर्नी जनरल टॉड ब्लैंच ने बताया कि पहले चरण में ही कई लाख दस्तावेज जारी किए जा रहे हैं और आने वाले हफ्तों में और भी रिकॉर्ड सार्वजनिक होंगे। इन फाइलों में करीब दो दशकों तक चली सरकारी जांच, पूछताछ, आंतरिक संवाद और एपस्टीन द्वारा की गई नाबालिग लड़कियों के यौन शोषण से जुड़े अहम तथ्य शामिल हो सकते हैं। यह अब तक की सबसे विस्तृत सरकारी जानकारी मानी जा रही है।
दो दशक की जांच, कई अनसुलझे सवाल
जेफ्री एपस्टीन एक दोषी यौन अपराधी और अमीर फाइनेंसर था। इसके संबंध दुनिया की कई ताकतवर हस्तियों से बताए जाते रहे हैं। इन फाइलों से यह साफ होने की उम्मीद है कि क्या उसके रसूखदार सहयोगियों को उसके अपराधों की जानकारी थी या वे किसी रूप में इसमें शामिल थे। खास तौर पर 2008 में बंद कर दी गई शुरुआती संघीय जांच को लेकर पीड़ितों और आम जनता के मन में आज भी गंभीर सवाल हैं।
ये भी पढ़ें- फलस्तीन-इस्राइल संघर्ष: गाजा में शांति पर पाकिस्तान के इस ऑफर की अमेरिका ने की पुष्टि, कहा- युद्ध रोकना लक्ष्य
राजनीतिक दबाव में बदला रुख
ट्रंप ने पहले इन फाइलों को सील रखने की कोशिश की थी। लेकिन 19 नवंबर को उन्होंने एक विधेयक पर हस्ताक्षर किए, जिसमें न्याय विभाग को 30 दिनों के भीतर एपस्टीन से जुड़े अधिकतर दस्तावेज सार्वजनिक करने का आदेश दिया गया। यह कानून रिपब्लिकन और डेमोक्रेट दोनों दलों के समर्थन से पास हुआ। इसीलिए इसे अमेरिकी राजनीति में दुर्लभ द्विदलीय सहमति माना गया।
एपस्टीन की मौत की जांच भी शामिल
जारी की जा रही फाइलों में एपस्टीन की जेल में हुई मौत से जुड़ी जांच का विवरण भी शामिल है। एपस्टीन 2019 में संघीय जेल में मृत पाया गया था, जिसे आधिकारिक रूप से आत्महत्या बताया गया, लेकिन इस पर लगातार सवाल उठते रहे हैं। नए दस्तावेज यह भी स्पष्ट कर सकते हैं कि जेल प्रशासन और जांच एजेंसियों की भूमिका क्या रही और क्या कोई लापरवाही हुई।
अन्य वीडियो-











