कर्नाटक के स्टार बल्लेबाज देवदत्त पडिक्कल विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 में शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं। झारखंड के खिलाफ टूर्नामेंट के पहले मुकाबले में 147 रनों की धमाकेदार पारी खेलने के बाद अब उन्होंने केरल के खिलाफ भी शतक जड़ दिया है। अहमदाबाद में खेले गए इस मुकाबले में 285 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए पडिक्कल ने बेहतरीन बल्लेबाजी की और कर्नाटक को आठ विकेट से लगातार दूसरी जीत दिलाई।
करुण नायर के साथ 223 रनों की साझेदारी
कर्नाटक की शुरुआत खराब रही और कप्तान मयंक अग्रवाल सिर्फएक रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद करुण नायर क्रीज पर आए और उन्होंने पडिक्कल के साथ मिलकर केरल के गेंदबाजों पर पूरी तरह दबदबा बना लिया। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 223 रनों की विशाल साझेदारी हुई। पडिक्कल ने झारखंड के खिलाफ मिली लय को बरकरार रखते हुए शानदार शॉट्स खेले। आखिरकार उन्हें 41वें ओवर में एमडी निधीश ने आउट किया।
94+ औसत, विजय हजारे में 11वां शतक
पडिक्कल ने 137 गेंदों में 124 रन बनाए, जिसमें 12 चौके और तीन छक्के शामिल थे। उनका स्ट्राइक रेट 90.51 रहा। इस पारी के साथ उनके लिस्ट-ए करियर में 35 मैचों में 2342 रन हो गए हैं, औसत 83 से ज्यादा का है। यह उनका लिस्ट-ए क्रिकेट में 11वां शतक रहा (12 अर्धशतक)। इनमें से 2282 रन विजय हजारे ट्रॉफी में आए हैं, जहां उनका औसत 94 से अधिक का है।
झारखंड के खिलाफ रिकॉर्ड चेज में 147 रन
इससे पहले झारखंड के खिलाफ एलिट ग्रुप ए मुकाबले में पडिक्कल ने 147 रनों की शानदार पारी खेली थी। उस मैच में कर्नाटक ने 413/5 का स्कोर बनाते हुए लिस्ट-ए क्रिकेट का दूसरा सबसे बड़ा रन चेज सफलतापूर्वक पूरा किया था।











