Last Updated:
बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे हमलों और वहां के बिगड़ते हालातों ने पूरी दुनिया को झकझोर कर रख दिया है. हाल ही में मयमनसिंह जिले में 27 साल के दीपू चंद्र दास की जिस बेरहमी से हत्या की गई, उसने हर किसी के दिल में गुस्सा और डर भर दिया है. इस दर्दनाक घटना पर अब टीवी की मशहूर एक्ट्रेस रुपाली गांगुली का गुस्सा फूटा है. रुपाली ने इस मुद्दे पर अपनी चुप्पी तोड़ते हुए उन लोगों को आड़े हाथों लिया है, जो अक्सर मानवाधिकारों की बातें तो करते हैं, लेकिन हिंदुओं पर हो रहे अत्याचारों के समय खामोश हो जाते हैं.
नई दिल्ली. ‘अनुपमा’ फेम रुपाली गांगुली हर मुद्दे पर बेबाकी से बात करती हैं. अब उन्होंने बांग्लादेश में हिंदुओं की बेरहमी से हत्या किए जाने की कड़ी निंदा की है. रुपाली गांगुली ने उन लोगों पर भी सवाल उठाए, जो हिंदुओं पर हो रहे अत्याचारों को लेकर चुप्पी साधे हुए हैं. एक्ट्रेस ने खुलकर कहा कि अब स्टैंड लेने का समय आ गया है और उन्होंने हिंदुओं से इसके खिलाफ आवाज उठाने की अपील भी की है. रुपाली गांगुली ने सवाल खड़ा करते हुए कहा कि बांग्लादेश में हिंदुओं के साथ जो हो रहा है, उस पर लोग आवाज क्यों नहीं उठा रहे हैं.
लोग क्यों नहीं उठा रहे हैं आवाज?
रुपाली गांगुली ने अपनी बात जारी रखते हुए आगे कहा, ‘पहले दीपू दास और अब यह नई घटना हो गई. यह सब काफी समय से चल रहा है. पहले भी हमने ऐसी घटनाओं के कई वीडियो देखे हैं. मुझे समझ नहीं आता कि लोग आवाज क्यों नहीं उठा रहे हैं. अब वक्त आ गया है कि हम अपनों के लिए खुद खड़े हों.’
हिंदुओं को हिंदुओं के लिए खड़ा होना चाहिए
उन्होंने आगे कहा, ‘हिंदुओं को हिंदुओं के लिए खड़ा होना चाहिए और उनकी मदद करनी चाहिए. मैं मानती हूं कि प्यार ही एकमात्र धर्म है और इंसानियत ही एकमात्र जाति, जिसमें हमें यकीन करना चाहिए. लेकिन जब हिंदुओं के साथ ऐसा कुछ होता है, तो लोग चुप कैसे रह सकते हैं? हमने देखा कि कैसे पालघर में साधुओं को जिंदा जला दिया गया था. जब भी हिंदुओं के साथ कुछ बुरा होता है, तो अचानक सब शांत हो जाते हैं. ऐसा कैसे? समझ नहीं आता. अब समय है कि लोग बोलना शुरू करें और जो हो रहा है उसके खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करें.’
बांग्लादेश में दीपू चंद्र दास की बेरहमी से हुई हत्या
रुपाली गांगुली का यह बयान बांग्लादेश के मयमनसिंह जिले में 27 साल के दीपू चंद्र दास की बेरहमी से हुई हत्या के बाद आया है. इसके अलावा गुरुवार को एक और हिंदू व्यक्ति, अमृत मंडल को भी भीड़ ने रंगदारी के आरोप में पीट-पीटकर मार डाला. इन भयानक हत्याओं ने लोगों में भारी गुस्सा भर दिया है और इससे वहां अल्पसंख्यकों की बदतर हालत भी सामने आई है. रुपाली के अलावा मनोज जोशी, जाह्नवी कपूर, काजल अग्रवाल और जया प्रदा जैसे कई अन्य सितारों ने भी बांग्लादेश में हो रही इन हिंदुओं की हत्याओं पर अपनी चिंता और दुख व्यक्त किया है.
About the Author

साल 2015 में दैनिक भास्कर से करियर की शुरुआत की. फिर दैनिक जागरण में बतौर टीम लीड काम किया. डिजिटल करियर की शुरुआत आज तक से की और एबीपी, ज़ी न्यूज़, बिज़नेस वर्ल्ड जैसे संस्थानों में काम किया. पिछले 6 सालों से …और पढ़ें
![]()










