सलामी बल्लेबाज अमन मोखाडे के शानदार शतक की मदद से विदर्भ ने कर्नाटक को छह विकेट से हराकर विजय हजारे ट्रॉफी के फाइनल में जगह बना ली है। कर्नाटक ने पहले बल्लेबाजी करते हुए करुण नायर और कृष्णन श्रीजित के अर्धशतकों की मदद से 49.4 ओवर में 280 रन बनाए। जवाब में विदर्भ के लिए अमन ने 122 गेंदों पर 12 चौकों और दो छक्कों की मदद से 138 रन बनाए जिससे टीम ने आसानी से मैच जीता। विदर्भ ने 46.2 ओवर में चार विकेट पर 284 रन बनाकर खिताबी मुकाबले में प्रवेश किया।
अमन ने शोरे के साथ मिलकर पारी को संभाला
लक्ष्य का पीछा करते हुए विदर्भ ने अर्थव तायडे का विकेट जल्द गंवा दिया था। तायडे 14 गेंदों पर छह रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद अमन ने ध्रुव शोरे के साथ मिलकर पारी को संभाला। अमन और ध्रुव के बीच दूसरे विकेट के लिए 98 रनों की साझेदारी हुई। इस साझेदारी को अभिलाश शेट्टी ने तोड़ा। ध्रुव अर्धशतक लगाने से चूक गए और 64 गेंदों पर पांच चौकों की मदद से 47 रन बनाकर आउट हुए।
अमन का शानदार शतक
अमन ने फिर रविकुमार समर्थ के साथ पारी आगे बढ़ाई। दोनों बल्लेबाजों ने कर्नाटक के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की और टीम को जीत के करीब ले गए। इस दौरान अमन ने शतक भी पूरा किया। अमन और रविकुमार की साझेदारी के दम पर विदर्भ ने 250 रनों का आंकड़ा पार कर लिया। विद्याधर पाटिल ने अमन को आउट कर उनकी पारी का अंत किया। अमन और रविकुमार के बीच तीसरे विकेट के लिए 147 रनों की साझेदारी हुई। इस साझेदारी ने ही विदर्भ की जीत की नींव रखी। अभिलाश ने फिर रोहित बिनकर को आउट किया जो 11 रन बनाकर आउट हुए। लेकिन रविकुमार ने कप्तान हर्ष दुबे के साथ मिलकर जीत की औपचारिकता पूरी की। रविकुमार 69 गेंदों पर सात चौकों की मदद से 76 रन बनाकर नाबाद रहे।